कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के 10 हजार पदों पर भर्ती के लिए जल्द जारी होगा विज्ञापन

Spread the love

जयपुर, 20 जनवरी। राजस्थान के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के 10 हजार पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जल्द जारी हो सकता है। शिक्षा विभाग ने कर्मचारी चयन आयोग को इसकी अभिशंसा कर दी है।
इसके बाद अब विज्ञापन जारी होना है। शिक्षा विभाग ने बेसिक व सीनियर कंप्यूटर के पदों पर नियुक्ति के लिए सिफारिश भेजी है। इसके तहत बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक (एल 8) के 9862 पदों पर तथा वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक (एल 10) के 295 पदों पर भर्ती की जाएगी।

एक साल पहले हुई घोषणा

शिक्षक संघों ने बताया कि फरवरी 2021 के बजट में कंप्यूटर अनुदेशक के करीब 10 हजार पदों पर भर्ती की घोषणा की गई थी। इसके बाद जून 2021 में संविदा पर कंप्यूटर शिक्षक लगाने की घोषणा की गई। जिसका विरोध हुआ और मामला उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया। इसके बाद प्रियंका गांधी के हस्तक्षेप करने के बाद सरकार की ओर से जुलाई 2021 में ही नियमित कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती की घोषणा की गई। इसके बाद सिलेबस तो जारी हुआ, लेकिन भर्ती की विज्ञप्ति आज तक जारी नहीं हो पाई है।

राज्यभर के सरकारी स्कूलों में वर्तमान समय में कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर नहीं पहुंच रहे हैं। भर्ती के बाद सभी महात्मा गांधी स्कूलों में एक-एक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर जरूर पहुंच जाएगा। बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर की पोस्ट इन्हीं महात्मा गांधी स्कूलों को आवंटित की जाएगी। राज्य के सभी महात्मा गांधी स्कूल में एक-एक कंप्यूटर लैब भी स्थापित करने की योजना है।
इसके अलावा प्रदेश के बड़े स्कूल में भी कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर दिए जाएंगे। ये सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर होंगे। लगभग सभी बड़े शहर व कस्बों में दो-तीन सीनियर इंस्ट्रक्टर के पद होंगे, जबकि शेष बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के पद होंगे। इसका विद्यार्थियों को काफी फायदा मिलेगा।

सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षक नहीं
शिक्षक संघों के अनुसार सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर विषय अनिवार्य तो कर दिया गया, लेकिन शिक्षक नहीं लगाए। वर्ष 2000 से सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा को अनिवार्य किया गया था, लेकिन शिक्षक नहीं लगाए गए। ऐसे में कई स्कूलों में कम्प्यूटर लैब कबाड़ हो चुकी है।

मार्च-अप्रैल तक भर्ती परीक्षा

टीएसपी एरिया के लिए बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के 888 पद होंगे, जबकि सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के 13 पद होंगे। अब इसी पत्र के आधार पर कर्मचारी चयन आयोग विज्ञापन जारी करेगा। भर्ती एक परीक्षा के माध्यम से होगी, जिसका सिलेबस पहले ही जारी किया जा चुका है। साथ ही भर्ती के लिए योग्यता भी तय हो चुकी है। अभी विज्ञापन जारी होगा तो मार्च-अप्रैल तक भर्ती परीक्षा ही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *