
नई दिल्ली। ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा मामले अभी तक दिल्ली में दर्ज किए गए हैं, जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी में येलो अलर्ट की घोषणा की है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ी है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन उन्होंने कहा कि तय मापदंडों के अनुसार अगर लगातार दो दिन तक 0.5 फीसदी पॉजिटिविटी दर रहती है तो येलो अलर्ट की घोषणा होती है। दिल्ली में लगातार तीन दिन से पॉजिटिविटी दर बढ़ी है। इसलिए येलो अलर्ट होने पर लेवल वन की पाबंदियां लगाई जा रही हैं।
येलो अलर्ट के कारण दिल्ली में सिनेमाघरों और जिम को बंद करने का आदेश दिया गया है। साथ ही स्कूल और कॉलेजों को भी बंद करने का आदेश दिया गया है। वहीं शॉपिंग मॉल्स और दुकानें ऑड-इवन के आधार पर खुलेंगी। मॉल्स और दुकानें सुबह 10 बजे से आठ बजे रात तक खुली रहेंगी। दिल्ली मेट्रो, रेस्तरां और बार में उनकी क्षमता के 50 फीसदी लोगों को ही अनुमति होगी।