
जयपुर, 15 फ़रवरी। ब्रह्मपुरी गायत्री शक्तिपीठ में अखिल विश्व गायत्री परिवार जयपुर ग्रामीण की कार्यकर्ता गोष्ठी मंगलवार को सम्पन्न हुई। गोष्ठी में शाहपुरा, पावटा, कोटपुतली, चोमू, जमवारामगढ़, आमेर, चाकसू, दूदू तहसीलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी तहसील से आए प्रतिनिधियों ने तहसील में चल रही गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही वर्ष 2022 के प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। गोष्ठी को शान्तिकुंज आए राजस्थान जोन के प्रभारी जय सिंह यादव, राजस्थान के जोन प्रभारी ओमप्रकाश अग्रवाल, जयपुर ग्रामीण समन्वयक तुलसी राम रावत ने संबोधित किया। सभी तहसीलों से आए कार्यकर्ताओं सेआग्रह किया गया कि जून , 22 तक सभी तहसीलों में पंचकुंडीय यज्ञ का आयोजन किया जाए।तहसील के आसपास के गांवों से भी परिजनों को बुलाया जाए। यज्ञ के बाद प्रज्ञा मंडल, महिला मंडल का गठन किया जाए। दिसंबर 22 तक सभी पंचायत मुख्यालय तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से पहुँचा जाए ताकि 2026 तक हर गाँव, हर घर तक पहुचने का लक्ष्य अर्जित किया जा सके। कार्यकर्ताओं ने कुछ तहसीलों में 24 कुंडीय यज्ञ कराने की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में कार्यकारिणी सदस्य डॉ प्रशांत भारद्वाज एवं शक्तिपीठ सह व्यस्थापक सोहनलाल शर्मा ने भी भाग लिया। संचालन सुशील कुमार शर्मा ने किया। अंत में शक्तिपीठ व्यस्थापक रणवीर सिंह चौधरी ने गुरु कार्य को आगे बढ़ाने में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।