Union Budget 2022: संसद का बजट सत्र आज से, यहां जानें आम बजट से जुड़े रोचक तथ्य

Spread the love

नई दिल्ली/ सत्येन्द्र शर्मा। संसद का बजट सत्र सोमवार 31 जनवरी यानि आज से शुरू हो चुका है। बजट सत्र के पहले चरण की शुरुआत संसद के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ हुई। बता दें आज ही लोकसभा और राज्यसभा में आर्थिक सर्वे भी पेश किया जाएगा जबकि आम बजट कल यानि 1 फरवरी को पेश किया जाएगा। संसद के बजट सत्र का पहला चरण 31 जनवरी से 11 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद विभिन्न विभागों के बजटीय आवंटन पर विचार के लिए अवकाश रहेगा। बजट सत्र का दूसरा चरण 14 मार्च से 8 अप्रैल तक चेलगा।

आम बजट 1 फरवरी को किया जाएगा पेश

वहीं लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा बुधवार को प्रस्तावित है। गौरतलब है कि लोकसभा की बैठक 1 फरवरी को सुबह 11 बजे होगी और उस दिन आम बजट पेश किया जाएगा। 2 फरवरी से लोकसभा की कार्यवाही शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक चलेगी। निचले सदन की बैठक के दौरान दोनों सदनों के कक्षों और दीर्घाओं का इस्तेमाल सदस्यों के बैठने के लिए किया जाएगा, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी।

बजट सत्र के सुचारू संचालन के लिए सर्वदलीय बैठक आज

वहीं सरकार ने बजट सत्र के सुचारू संचालन के लिए सभी राजनीतिक दलों के सहयोग के लिए सोमवार दोपहर 3 बजे एक सर्वदलीय बैठक बुलाई। कोविड की स्थिति के कारण यह बैठक वर्चुअली आयोजित की जाएगी। इसमें दोनों सदनों के राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। राज्य सभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू ने भी सदन का सुचारू कामकाज सुनिश्चित करने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

162 साल पुराना है इसका इतिहास

गौरतलब हो, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी, 2022 को वित्त वर्ष 2022-23 का आम बजट संसद में पेश करेंगी। ये लगातार चौथा मौका होगा जब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी। सत्र के पहले चरण में सभी की निगाहें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए जाने वाले आम बजट-2022 पर लगी रहेंगी। बजट एक फरवरी, 2022 को संसद में 11 बजे वित्त मंत्री पेश करेंगी। बतौर वित्त मंत्री उनके नाम सबसे लंबा बजट भाषण देने का भी रिकॉर्ड है। ऐसे में आइए जानते हैं भारत में कब पेश हुआ था पहला बजट और किसके नाम क्या रिकॉर्ड दर्ज है…

आम बजट के इतिहास से जुड़े रोचक तथ्य:

भारत का पहला बजट

भारत में पहली बार 7 अप्रैल, 1860 को बजट पेश किया गया था। ईस्ट इंडिया कंपनी से जुड़े स्कॉटिश अर्थशास्त्री एवं नेता जेम्स विल्सन ने ब्रिटिश साम्राज्ञी के समक्ष भारत का बजट रखा था।

स्वतंत्र भारत का पहला बजट

आजादी मिलने के बाद स्वतंत्र भारत का पहला बजट 26 नवंबर, 1947 को पेश किया गया था। उस समय (तत्कालीन) वित्त मंत्री आर. के. षण्मुखम चेट्टी ने यह बजट पेश किया था।

सबसे लंबा बजट भाषण

सबसे लंबा बजट भाषण का रिकॉर्ड मौजूदा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के ही नाम पर है। उन्होंने वित्त वर्ष 2020-21 का बजट पेश करते हुए 2 घंटे 42 मिनट का लंबा भाषण दिया था। इस दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जुलाई 2019 में बनाए गए अपने ही 2 घंटे एवं 17 मिनट के लंबे भाषण का रिकॉर्ड को तोड़ा था।

बजट भाषण में सर्वाधिक शब्द

बतौर वित्त मंत्री पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के 1991 में दिए गए बजट भाषण में कुल 18,650 शब्द थे। उसके बाद दूसरा स्थान पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के नाम है, जिनके 2018 के बजट भाषण में 18,604 शब्द थे।

सबसे छोटा बजट भाषण

सबसे छोटा बजट भाषण का रिकॉर्ड तत्कालीन वित्त मंत्री हीरुभाई मुलजीभाई पटेल के नाम दर्ज है, जिन्होंने 1977 में सिर्फ 800 शब्दों वाला बजट भाषण दिया था।

सबसे ज्यादा बजट भाषण

सबसे ज्यादा बजट भाषण का रिकॉर्ड पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के नाम पर दर्ज है, जिन्होंने वर्ष 1962-69 के बीच वित्त मंत्री रहते हुए सबसे ज्यादा 10 बार बजट पेश किया। इसके बाद पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने 9 बार, पूर्व वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने 8 बार, पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने आठ बार और मनमोहन सिंह ने बतौर वित्त मंत्री 6 बार बजट पेश किया है।

बजट भाषण के समय में बदलाव

आमतौर पर वर्ष 1999 तक बजट फरवरी के अंतिम कार्यदिवस को शाम 5 बजे पेश किया जाता था, लेकिन, पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने वर्ष 1999 में इसे बदलकर सुबह 11 बजे पेश करना कर दिया था।

पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली ने एक फरवरी को पेश किया बजट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने 2017 में बजट एक फरवरी को पेश करने की परंपरा को शुरू किया। उसके बाद से आम बजट एक फरवरी को ही सुबह 11 बजे पेश किया जाता है।

बजट की भाषा में किया गया बदलाव

वर्ष 1955 तक बजट सिर्फ अंग्रेजी में ही पेश किया जाता था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इसे अंग्रेजी और हिंदी दोनों में ही पेश करना शुरू कर दिया था। कोविड-19 महामारी आने के बाद वित्त वर्ष 2021-22 का बजट कागज-रहित पेश किया गया। मोदी सरकार ने इसे मोबाइल एप पर हिंदी और अंग्रेजी में जारी करना शुरू कर दिया है।

इंदिरा गांधी बनी थी पहली महिला वित्त मंत्री

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने वर्ष 1970 में वित्त मंत्री के तौर पर आम बजट पेश किया था। उसके बाद मौजूदा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वर्ष 2019 में पूर्णकालिक वित्त मंत्री के तौर बजट पेश करने वाली दूसरी महिला बनीं।

आम बजट के साथ रेल बजट का विलय

वर्ष 2017 तक रेलवे बजट एवं आम बजट अलग-अलग पेश किए जाते थे। वर्ष 2017 में रेल बजट को आम बजट में समाहित कर दिया गया। अब सिर्फ एक ही बजट पेश किया जाता है।

बजट की छपाई अब सीमित

वर्ष 1950 तक बजट का मुद्रण राष्ट्रपति भवन में होता था, लेकिन इसके लीक होने के बाद इसकी छपाई नई दिल्ली के मिंटो रोड स्थित प्रेस में होने लगा। फिर वर्ष 1980 में वित्त मंत्रालय के भीतर ही सरकारी प्रेस में इसका मुद्रण होता रहा है, जिसे कोरोना काल में सीमित प्रति में छपाई होती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *