
रांची, 29 दिसंबर। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को राज्य के दुपहिया चालकों को बड़ी राहत देने का एलान किया है। सोरेन सरकार दुपहिया वाहनों के लिए पेट्रोल पर प्रति लीटर 25 रुपए की राहत देगी। जानकारी के अनुसार, दुपहिया वाहनों के लिए प्रति लीटर 25 रुपए की यह राहत 26 जनवरी 2022 से मिलेगी।
झारखंड की हेमंत सरकार को बुधवार को दो साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सोरेन ने मोटरसाइकिल और स्कूटर सवारों के लिए पेट्रोल की कीमत में 25 रुपये प्रति लीटर की रियायत देने का ऐलान किया।
झारखंड के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इस पेट्रोल पर इस रियायत को लेकर ट्वीट भी किया गया है। इसमें कहा गया है कि पेट्रोल-डीजल के मूल्य में लगातार इजाफा हो रहा है, इससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं। इसलिए सरकार राज्य स्तर से दुपहिया वाहन के लिए पेट्रोल पर प्रति लीटर 25 रुपए की राहत देगी। इसका लाभ 26 जनवरी 2022 से मिलना शुरू होगा।