
कोटा, 26 फरवरी। राजस्थान के कोटा में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने एक भाजपा कार्यकर्ता विक्की आर्य की पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में शनिवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया है। स्थानीय लोगों के अनुसार भाजपा कार्यकर्ता विक्की आर्य की आरोपियों से पुरानी रंजिश थी। पुरानी रंजिश के कारण ही आरोपियों ने भाजपा कार्यकर्ता की हत्या की बताई। घटना कोटा के कैथूनीपोल इलाके के साबरमती क्षेत्र में हुई है।
पुलिस उप अधीक्षक अमर सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात को पुरानी साबरमती निवासी भाजपा शहर जिला महामंत्री विक्की आर्य घर से मोटर साइकिल लेकर रवाना हुआ था। मोटरसाइकिल से वह घर से करीब 200 मीटर दूर जगत मंदिर के पीछे की गली में पहुंचा था। यहां कुछ बदमाश पहले से ही घात लगाकर उसका इंतजार कर रहे थे। जैसे ही विक्की जगत मंदिर के पीछे गली में पहुंचा, घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल को रोक लिया। बदमाशों के पास लोहे के सरिए और पाइप देखकर विक्की मोटरसाइकिल से उतर कर अपने घर की तरफ भागा। इस पर बदमाशों ने विक्की आर्य का पीछा किया और घेर कर उस पर पाइप व सरियों से हमला कर दिया। हमले में विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहों चिकित्सकों ने विक्की को मृत घोषित कर दिया।
दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, आरोपियों और विक्की के बीच रंजिश चल रही थी। आरोपी इससे पहले भी विक्की पर हमला कर चुके थे। पुलिस ने इस मामले में दो जनों को गिरफ्तार किया है। इनमें राज और निखिल शामिल हंै। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लोहे के पाइप से वारदात करना स्वीकारा है। पुलिस ने मामले में दो अन्य युवकों बनवारी और अर्जुन को भी नामजद किया है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।