एक होकर हम देश को नई बुलंदियों पर ले जा सकते हैं : चौधरी

Spread the love


केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से किशनगढ़ में तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का आयोजन

किशनगढ़, 14 सितंबर – हम विभक्त थे तो सदियों तक गुलामी सहनी पड़ी। यदि हम अपनी मतभेदों को भूलकर एक हो जाएं और अपनी एक ही जाति हिंदुस्तानी होना माने तो न सिर्फ हमारा देश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा बल्कि हमें एक बार फिर से सोने की चिड़िया होने से कोई नहीं रोक सकेगा। उक्त विचार अजमेर के सांसद भागीरथ चौधरी ने व्यक्त किए। वह केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, अजमेर, सूचना व प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वार किशनगढ़ में आयोजित आजादी का अमृत महोत्सव व आठ साल बेमिसाल चित्र प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे। इस अवसर पर मंच पर किशनगढ़ के सभापति दिनेश सिंह राठोड़, एसडीएम परसा राम, महिला व बाल विकास विभाग की अतिरिक्त निदेशक आभा बेनीवाल, बाल विकास प्रकल्प अधिकारी आशा माथुर, सहायक मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी वंदना वर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र पाटनी आदि उपस्थित थे।
सांसद चौधरी ने आगे कहा कि पिछले आठ सालों में विकास की एक नयी धारा देश में बह रही है। देश का नेतृत्व सक्षम और समर्पित हाथों में होने के कारण असंभव लगने वाले लक्ष्यों को भी प्राप्त करना संभव हो रहा है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के ध्येय को सामने रखकर काम करने के कारण दुनिया भर में एक नये और सशक्त भारत की छवि तैयार हुई है। आज पूरी दुनिया में भारत की बात का दबदबा माना जाता है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी पराग मांदले ने इस चित्र प्रदर्शनी के आयोजन का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा कि अगले तीन दिनों में चित्र प्रदर्शनी के साथ-साथ सांस्कृतिसक कार्यक्रम, विभिन्न योजनाओं पर व्याख्यान तथा अनेक प्रतियोगिताओं के माध्यम से आजादी का अमृत महोत्सव की जानकारी के साथ-साथ केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी यहाँ आने वालों को दी जाएगी।
इस अवसर पर किशनगढ़ नगरपालिका के सभापति दिनेशसिंह राठोड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व में अनेक क्षेत्रों में महज आठ सालों में कायाकल्प हो गया है। भारत का प्रदर्शन कई मामलों में सारी दुनिया को आश्चर्यचकित करने वाला है। कोरोना जैसी महामारी ने जहाँ एक ओर कम जनसंख्या वाले विकसित देशों में भी बड़े पैमाने पर तबाही मचाई वहीं भारत में उसके दुष्प्रभाव को बड़ी हद तक नियंत्रण में रखने में हम सफल हुए हैं, जबकि हमारी जनसंख्या विकसित देशों के मुकाबले कई गुना है।
इस अवसर पर एसडीएम परसा राम ने कहा कि पिछले आठ सालों में जो योजनाएं लागू की गई हैं, उनकी व्यापक जानकारी इस प्रदर्शनी के माध्यम से दी गई है। किशनगढ़ के नागरिकों को बड़ी संख्या में इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर अपने फायदे की विभिन्न योजनाओं की जानकारी हासिल करनी चाहिए।
कार्यक्रम का सूत्र संचालन और आभार प्रदर्शन क्षेत्रीय प्रचार सहायक भारत भार्गव ने किया। समन्वय प्राचार्य ब्रजेश कुमावत, अरविंद पारीक, वीरेंद्र कुमार शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में हिंदी दिवस का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर किशनगढ़ के 20 से ज्यादा स्कूलों में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। उसके विजेताओं को अतिथियों के हाथों पुरस्कार वितरित किए गए। इसके अलावा आर.के.पाटनी महिला महाविद्यालय की छात्राओं के लिए कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया था। साथ ही साथ प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता, छात्राओं के लिए रस्सीकूद प्रतियोगिता आदि का आयोजन भी किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में एन.सी.सी., स्काऊट व गाइड तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों के अलावा बड़ी संख्या में शिक्षक, महिलाएं आदि उपस्थित थे। प्रदर्शनी स्थल पर डाक विभाग, महिला व बाल विकास विभाग, कृषि विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल लगाए गए हैं। इसके अलावा चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना टीकाकरण की व्यवस्था भी की गई है।
यह चित्र प्रदर्शनी 16 सितंबर तक सुबह 9 से शाम 5 बजे तक आम नागरिकों के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। इस प्रदर्शनी का अधिक से अधिक लोगों से अवलोकन कर लाभ उठाने का अनुरोध आयोजकों की ओर से किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version