राजस्थान में हजारों नौनिहाल गटकेंगे 27 फरवरी को पोलियो की नि:शुल्क दवा

Spread the love

जयपुर, 26 फरवरी। चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने 27 फरवरी (पोलियो दिवस) को प्रदेशवासियों से 5 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चों को दवा पिलाकर ही पोलियो का उन्मूलन किया जा सकता है।

चिकित्सा मंत्री ने बताया कि अभियान के सफल आयोजन के लिए प्रदेश भर में 54 हजार 627 पोलियो बूथ स्थापित किये गये हैं। इसके अलावा 2 हजार 215 ट्रांजिट टीम और 3 हजार 381 मोबाइल टीम बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम दिवस बूथ पर और छूटे हुए बच्चों को अगले 2 दिन स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी।

भारत में 1995 से चल रहा है पल्स पोलियो अभियान

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य में पोलियो का अंतिम मामला नवम्बर 2009 में सामने आया। इसके बाद से अब तक पोलिया का एक भी प्रकरण सामने नहीं आया है। फिर भी पड़ौसी राष्ट्रों में विगत वर्षों में पाए गए पोलियो के मामलों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में जनवरी 2011 के बाद पल्स पोलियो का नया केस नहीं पाया गया। गौरतलब है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा 27 मार्च 2014 को भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया गया। गौरतलब है कि वर्ष 1995 से प्रारम्भ किये गये पल्स पोलियो कार्यक्रम का यह 27वां वर्ष है। इन 27 वर्षों में भारत ने पोलियो उन्मूलन में अविश्वसनीय सफलता प्राप्त की है।

मीणा ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष 4.00 का दूसरा चरण 7 मार्च से आयोजित किया जाएगा। इसमें नियमित टीकाकरण से छूट रहे 2 साल तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को सम्बंधित टीके लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष का पहला चरण 7 फरवरी से आयोजित किया जा चुका है और तीसरा चरण 4 अप्रैल से संचालित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.