हैरान हैं पिता, आखिर क्यों किया बेटी ने सुसाइड

Spread the love

आईएएस की पुत्रवधू के सुसाइड का मामला
जोधपुर, 4 जनवरी।
विषाक्त खाकर सुसाइड करने वाली आईएएस बीएल मेहरा की बहू प्रियंका उर्फ भावना हमेशा खुश रहती थी। परिजन भी हैरान हैं कि अचानक ऐसा क्या हो गया? पिता नंद किशोर व्यास ने कहा कि वह रोज मैसेज कर अपनी बेटी से हाल-चाल पूछते थे। वह हमेशा कहती थी- अच्छी हूं पापा।

नहीं बच पाई बेटी

उन्होंने बताया कि नए साल पर 1 जनवरी को बेटी से मिलने ससुराल जाना था। हम थोड़े लेट हो गए थे। इसी बीच 1 जनवरी दोपहर करीब 12.40 बजे प्रियंका का कॉल आया। बेहद सुस्त आवाज में बोली, मेरी तबीयत ठीक नहीं है, आप जल्दी आ जाओ। मैं छोटी बेटी को साथ लेकर बाइक से कुछ ही मिनट में उसके ससुराल पहुंच गया। वहां घर के अंदर गए तो प्रियंका लेटी थी। पास में उसकी सास और दो ननद थीं। मुझे देखकर बोली- पेट दर्द हो रहा है। उसे तुरंत निजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। वहां उसे इमरजेंसी में ले गए। डॉक्टर ने जहर का शक जताया। मेरे दामाद सुरेंद्र भी हॉस्पिटल पहुंच गए। प्रियंका को आईसीयू में ले गए, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी बेटी बच नहीं पाई।

पुलिस जुटी है जांच में

वहीं, जान देने के पीछे के कारणों की जोधपुर पुलिस जांच कर रही है। चूंकि प्रियंका की शादी हुए अभी दो महीने ही हुए थे, इसलिए दहेज, घरेलू कलह व प्रताडऩा की आशंका को लेकर एडीएम सिटी रामचंद्र भी केस की जांच कर रहे हैं। प्रियंका के पति बतौर एलडीसी शिक्षा विभाग में कार्यरत है जबकि ससुर व आईएएस अधिकारी बीएल मेहरा बीकानेर में संभागीय आयुक्त हैं। उनका हाल ही में अजमेर ट्रांसफर कर दिया गया है, लेकिन बताया जा रहा है कि उन्होंने नई जगह अभी जॉइन नहीं किया है।

छोटा भाई बोला-सब नॉर्मल था

प्रियंका के छोटे भाई नवीन कुमार ने बताया कि दीदी ने एम. कॉम किया था। शादी से पहले हमारी फैक्ट्री के अकाउंट्स का काम देखती थीं। 14 नवंबर को ही शादी हुई थी। सब नॉर्मल था। क्या हुआ, कुछ कह नहीं सकते।

पत्नी की तबीयत को लेकर परेशान था सुरेन्द्र

प्रियंका के पति सुरेन्द्र राजमहल स्कूल में एलडीसी के पद पर कार्यरत है। घटना वाले दिन वे नौकरी पर गए थे। स्कूल में काम के दौरान वह पत्नी के लिए परेशान भी थे। जांच में सामने आया कि स्टाफ को नए साल की शुभकामनाएं दी, तब सुरेन्द्र ने पत्नी की तबीयत को लेकर चिंता जताई थी। सुरेन्द्र के स्टाफ ने बताया कि शादी के बाद से वो खुश नजर आता था। हमेशा पत्नी की तारीफ करता था।

ये है मामला
दरअसल, जोधपुर हाईकोर्ट कॉलोनी निवासी प्रियंका उर्फ भावना ने 1 जनवरी को कीटनाशक का सेवन किया था। गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के बीच शनिवार रात उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का एमजीएच में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा पीहर वालों को सुपुर्द कर दिया। रातानाडा थानाधिकारी मूलसिंह भाटी ने बताया कि आईएएस के पुत्र सुरेंद्र की शादी 14 नवंबर को शोभावतों की ढाणी पाल निवासी प्रियंका उर्फ भावना (25) के साथ हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version