स्वदेशी जागरण मंच चलाएगा स्वावलंबी भारत अभियान

Spread the love

संकल्प पत्र भरवाने हर गांव-ढाणी में जाएंगे कार्यकर्ता
जयपुर, 5 जनवरी।
राजस्थान प्रदेश स्वदेशी जागरण मंच की कार्यकरिणी की आभासी बैठक संपन्न हुई, जिसमें मंच के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख धर्मेंद्र दूबे ने जानकारी दी कि 24 से 26 दिसंबर 2021 तक मंच की राष्ट्रीय सभा लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षण संस्थान ग्वालियर ( मध्य प्रदेश) में आयोजित की गई।
राष्ट्रीय सभा में देश के विभिन्न भागों से स्वदेशी जागरण मंच के 530 कार्यकर्ताओ ने भाग लिया। 24 दिसम्बर को उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि स्वामी ऋषभ देवानंद महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से माननीय भगैया जी जोशी, स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संयोजक आर सुंदरम, राष्ट्रीय संगठक माननीय कश्मीर लाल, राष्ट्रीय सह संगठक सतीश कुमार, राष्ट्रीय महिला प्रमुख डॉ अमिता पतकी, राष्ट्रीय सह संयोजक अरुण ओझा, डॉ अश्विनी महाजन, डॉ धनपत राय अग्रवाल, अजय पतकी, राष्ट्रीय महिला सह प्रमुख डॉ अलका सैनी, डॉ शीला शर्मा, भारतीय मजदूर संघ से सच्चिदानंद जी, लघु उद्योग भारती से जितेंद्र गुप्त के साथ पूरे देश से आए स्वदेशी आन्दोलन के योद्धाओं ने भाग लिया। यह राष्ट्रीय सभा अर्थ एवं रोजगार सृजन विषय पर केंद्रित रखी गई थी। इस राष्ट्रीय सभा में पहले दिन विश्व व्यापार संगठन की गतिविधियों पर चर्चा, दो प्रस्ताव पर्यावरण एवं क्रिप्टोकरंसी पर रखे गए।

राष्ट्रीय सभा के दूसरे दिन भारतीय कृषि पर डॉ ओ पी चौधरी, भूमि सुपोषण पर दीपक शर्मा ने विषय रखा एवं तीसरे प्रस्ताव अमेजन फ्लिपकार्ट-वालमार्ट को भारत में संचालित करने की अनुमति वापस लेने पर डॉ राजीव कुमार ने विचार रखे, जिसे तीसरे दिन चर्चा कर पारित किया गया। इसी दिन शंखनाद रैली सम्पूर्ण भारत से आये स्वदेशी योद्धाओं ने ग्वालियर के फूलबाग चौराहे से लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षण संस्थान के सभागार तक आयोजित की। इस रैली स्वदेशी जागरण मंच के योद्धाओ ने कई प्रकार के नारे लगाकर ग्वालियर की जनता को बहुराष्ट्रीय कम्पनियों एवं आर्थिक साम्राज्यवादी विकसित देशों के षडयंत्रों की ओर आगाह किया।
तीसरे दिन जोहो कॉर्पोरेशन के मालिक श्रीधर वेम्बू ने देश के युवाओं का आह्वान किया कि केवल डिग्री के लिये अध्ययन नही कर चुनोतिपूर्ण कार्य कर सफलता प्राप्त करे तथा जैविक कृषि को पर्यावरण, स्वास्थ्य, किसानों एवं युवाओं के रोजगार के लिये महत्वपूर्ण बताया। वही पहले पद्मश्री सुंडाराम वर्मा ने कम पानी से एक पेड़ को तैयार करना तथा दूसरे पद्मश्री जगदीश पारीक ने जैविक कृषि पर अपने विचार रखे। केंद्रीय मंत्री जोतिरादित्य सिंधिया ने स्वदेशी जागरण मंच के द्वारा किये जाने वाले कार्यो को देश के लिये आवश्यक एवं महत्वपूर्ण बताया।
इस राष्ट्रीय सभा में राष्ट्रीय सह संगठक सतीश कुमार ने देश को गरीबी मुक्त करने , पर्यावरण का संरक्षण करते हुए 10 ट्रिलियन की आर्थिक शक्ति बनाने के लिये गांव आधारित विकास करते हुए भारत में बेरोजगारी की समस्या के समाधान हेतु स्वावलंबी भारत अभियान की रूपरेखा तैयार की जानकारी दी। 25 दिसम्बर 2021 से स्वावलंबी भारत अभियान की शुरुआत की गई। आय का उचित वितरण भी तभी सम्भव है जब श्रमिक को उचित मजदूरी मिले, किसान को उसकी उपज का लाभकारी मूल्य मिले और हर कोई को अपनी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में सक्षम हो। इसके लिये हमें साम्यवाद अथवा पूंजीवाद के स्थान पर एकात्म नीति की आवश्यकता है, जहां उत्पादन, रोजगार, निवेश और वितरण को अलग नही किया जाता है, बल्कि एक दूसरे के साथ एकीकृत रूप से जुड़े होते है। स्वावलम्बी भारत अभियान संकल्प पत्र हर शहर, कस्बे, गांव एवं ढाणी से हर व्यक्ति से भरवाने का आह्वान किया गया।
इस राष्ट्रीय सभा में मुख्य रूप से छह विषयों पर समानांतर सत्रों के माध्यम से पर्यावरण, कृषि, जनसंख्या वितरण, परिवार योजना, विश्व व्यापार संगठन एवं प्राकृतिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विषय पर देश के विभिन्न स्थानों से आए हुए स्वदेशी योद्धाओं के साथ प्रख्यात विद्वानों डॉ अश्विनी महाजन, डॉ धनपतराय अग्रवाल, प्रो राजकुमार मित्तल, प्रो अनिल कचप, दीपक शर्मा, डॉ अमिता पतकी, अरुण ओझा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
इस राष्ट्रीय सभा में तीन पुस्तिकाओं राजकुमार मित्तल की पुन: बनाये भारत महान, स्वदेशी मूवमेंट ऑफ भारत तथा डॉ रेखा भट्ट की युगदृष्टा दत्तोपंत ठेंगड़ी का विमोचन किया गया।
स्वदेशी जागरण मंच में नवीन दायित्वों में डॉ धर्मेंद दुबे जोधपुर को राष्ट्रीय सह प्रचार प्रमुख, राजकुमार चतुर्वेदी भीलवाड़ा को अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख, डॉ सतीश आचार्य उदयपुर को राजस्थान क्षेत्र संयोजक , मनोहर शरण को जयपुर प्रांत संगठक के साथ ही क्षेत्र संपर्क प्रमुख, लोकेन्द्रसिंह शेखावत जयपुर प्रांत सह संयोजक दायित्वों की घोषणा मंच के राष्ट्रीय संयोजक आर सुंदरम द्वारा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published.