अलवर। भिवाड़ी के रीको चौक स्थित एक्सिस बैंक से सोमवार को छह हथियारबंद बदमाशों ने नकदी और सोना लूट लिया। भिवाड़ी के पुलिस अधीक्षक शांतनु कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी एक्सिस बैंक की शाखा में घुसे और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार आरोपियों ने बैंक के स्ट्रांग रूम से करीब 70 लाख रुपए की नकदी और 40-50 लाख रुपए का सोना लूट लिया। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान करने और उनका पता लगाने के लिए टीमों का गठन किया गया है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने महज 30 मिनट में डकैती को अंजाम दिया। इसके बाद डकैत मौके से फरार हो गए। घटना भिवाड़ी के रीको चौक स्थित एक्सिस बैंक ब्रांच की है। भिवाड़ी एसपी शांतनु कुमार ने बताया कि 3 बाइक पर 6 बदमाश आए थे। यहां बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाया। पुलिस सीसीटीवी खंगाल कर डकैतों की पड़ताल में लगी है।
आते ही ले ली लॉकर की चाबी
बैंक कर्मियों ने पुलिस को बताया कि करीब 10 बजे बैंक खुला ही था। डकैत बाइक से आए थे। इनके चेहरे पर मास्क लगा था। इनके पास हथियार थे। बैंक में घुसते ही डकैतों ने कर्मचारियों को बंधक बना लिया और लॉकर की चाबी ले ली। कर्मचारियों ने बताया कि डकैत अपने साथ बैग भी लेकर आए थे। लॉकर में जितने रुपए और गोल्ड मिला वो लेकर फरार हो गए।
बैंक से लिए सीसीटीवी फुटेज
बैंक कर्मचारियों ने बताया कि डकैतों ने आते ही सभी बैंक कर्मियों को बंधक बना लिया था। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है। बैंक से सीसीटीवी फुटेज लिए गए हैं। एसपी ने बताया कि बाइक व हुलिए के आधार पर पहचान की रही है। वे जिस रास्ते से आए थे, उसके बारे में भी जानकारी मिल गई है। टीमों को पीछे लगा दिया गया है और जल्दी आरोपी पकड़े जाएंगे।