
राजस्थान और केरल विधानसभा के अध्यक्षों ने की शिरकत
जयपुर 16 सितंबर। जयपुर में गुरुवार को जन विचार मंच राजस्थान की ओर से राजस्थानी मलयाली मैत्री संघम का उद्घाटन कार्यक्रम पिंक सिटी प्रेस क्लब में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए भादरा विधायक बलवान पूनिया ने केरल और राजस्थान की समृद्ध विरासत तथा दोनों प्रदेशों की मित्रता और आपसी संबंधों के बारे में बताया।
इस दौरान एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें स्वतंत्र भारत के 75 साल और आसन्न चुनौतियां था विषय पर राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष सीपी जोशी ने विचार व्यक्त किए। उन्होंने आजादी के 75 साल के विकास क्रम को और आज भी जो चुनौती हमारे सामने है, उनको विस्तार से सबके सामने रखा और कहा कि अगर इसमें सुधार नहीं हुआ तो यह हमारे लिए बहुत ही तकलीफ देह होगा। संगोष्ठी के विषय पर ही केरल विधानसभा के अध्यक्ष एमबी राजेश ने 75 साल के शासनकाल, आजादी की लड़ाई तथा आज भी जो चुनौतियां हैं, उनको सभा पटल पर रखा। उन्होंने भारत का आज दुनिया में जो नाम है और उसका जो इतना विकास हुआ है उसका सबसे बड़ा कारण धर्म निरपेक्षता को बताया।
इस अवसर पर राजस्थानी-मलयाली मैत्री संघम कमेटी का भी गठन किया गया। इस कमेटी के संयोजक केरला राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष एमवी राजेश और सीपी जोशी को बनाया गया है। इस कमेटी में अनेक लोगों को शामिल किया गया है। कार्यक्रम के पहले सत्र का संचालन डॉ संजय माधव ने किया तथा दूसरे सत्र का संचालन डॉ राजीव गुप्ता ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एक अध्यक्ष मंडल के द्वारा की गई, जिसमें कॉमरेड रमेश शर्मा, रविंद्र शुक्ला,ओम सैनी, मुकेश कुमार मीणा, सनी सेबैस्टियन शामिल थे।
अध्यक्ष मंडल की ओर से सनी सेबिस्टियन ने केरला राजस्थान के रिच कल्चर के बारे में बताया तथा राजस्थान में केरला के लोगों की योगदान और केरल में राजस्थान के लोगों के योगदान को भी साथियों के सामने रखा। साथ ही दोनों राज्यों के बीच ट्रेन और हवाई जहाजों की संख्या और बढ़ाने की मांग की। कार्यक्रम के अंत में डॉ राजीव गुप्ता ने सभी आगंतुकों को धन्यवाद ज्ञापित किया।