राजस्थान को मिला राष्ट्रीय स्तर का द्वितीय पुरस्कार

Spread the love

परिवार नियोजन सेवाओं में पाई उपलब्धि


जयपुर.
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत् प्रदेश में महिलाओं के लिए परिवार नियोजन साधन अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन की सुलभ सेवाएं सुनिश्चित करने की उपलब्धियों के लिए प्रदेश को गत 27 जुलाई को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने प्रदेश को मिली इस उपलब्धि पर सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कार्मिकों को शुभकामनाएं दी हैं।
नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय परिवार नियोजन सम्मेलन में केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. भारती प्रवीण पंवार ने यह पुरस्कार प्रदान किया है। राजस्थान को मिले द्वितीय स्थान का यह पुरस्कार निदेशक आरसीएच डॉ. के. एल. मीणा एवं परियोजना निदेशक परिवार कल्याण डॉ. गिरीश द्विवेदी ने प्राप्त किया।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के शासन सचिव डॉ. पृथ्वी ने बताया कि प्रदेश में परिवार कल्याण साधन अंतरा इंजेक्शन की सुलभ उपलब्धता, फॉलोअप एवं सघन मॉनिटरिंग हेतु अंतराराज एप्लीकेशन, ई.काउंसलिंगए ई.लर्निंग मॉड्यूल को क्रियान्वित किया गया है। इसी का परिणाम है कि अब तक प्रदेश में 5 लाख से अधिक महिलाओं ने इस साधन को अपनाया है। अब तक कुल 10 लाख अंतरा इंजेक्शन की डोज लगवायी गयी हैं।
अंतरा इंजेक्शन अनचाहे गर्भ को रोकने व बच्चों के बीच अंतर रखने का एक सुरक्षित अस्थायी गर्भनिरोधक विकल्प है। तीन माह के अंतराल में लगने वाला यह इंजेक्शन एक बार लगवाने पर तीन माह तक या 90 दिन तक अनचाहे गर्भ से छुटकारा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version