
सांसद दीयाकुमारी ने किया वल्लभनगर का दौरा
ईडाणा माता शक्ति पीठ के किये दर्शन
राजसमन्द.
वल्लभनगर उपचुनाव में ग्राम पंचायतों के दौरे पर पहुंची सांसद दीयाकुमारी ने प्रात: 9.30 बजे श्री ईडाणा माता शक्ति पीठ के दर्शन कर देश, प्रदेश और क्षेत्र में खुशहाली की प्रार्थना के साथ चुनाव प्रचार की शुरुआत की। बम्बोरा, कुराबड़ा, बेमला, जगत, चरमर और बाठेड़ा में किया जनसभाओं को सम्बोधित किया।
वल्लभनगर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला के समर्थन में बम्बोरा, कुराबड़ा, बेमला, चरमर, जगत, बाठेड़ा में आयोजित सभाओं को सम्बोधित करते हुए सांसद दीयाकुमारी ने कहा कि राज्य सरकार से कोई खुश नहीँ है। किसान हो या व्यापारी, महिलाएं हो या युवा वर्ग इस सरकार से सभी नाराज है और इसीलिए इस कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
सांसद ने कहा कि जिन लोगों ने 70 साल तक देश पर राज किया उनको जय श्रीराम का नाम लेने में भी शर्म आती है। वहीं दूसरी तरह सिर्फ दूसरा कार्यकाल गुजार रही मोदी सरकार ने वो काम कर दिखाए जो कोई सपने में भी नहीं सोच सकता। धारा 370, राम मंदिर जैसे मसले को हल करना सिर्फ मोदी सरकार में ही सम्भव था। 100 करोड़, लोगों को मुफ्त टीकाकरण करना बड़ी उपलब्धि है। सांसद ने कहा की होटलों में रहने वाली कांग्रेस सरकार कुछ ही दिनों की मेहमान है।
कुम्भलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, कर्णवीर सिंह राठौड़, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पुरोहित, मधुप्रकाश लड्ढा, हरदयाल सिंह, गोपाल कृष्ण पालीवाल, मदन सिंह बम्बोरा, मोहन सिंह राणावत, कुलदीप सिंह ताल, अशोक रांका, ओम पारीक, सुमेर सिंह झाला आदि कई कार्यकर्ता साथ रहे।