
किया अभिषेक और पूजन
मदनगंज-किशनगढ़.
पर्यूषण पर्व के छठे दिन उत्तम संयम धर्म दिवस के दिन पंचायत अध्यक्ष विनोद पाटनी ने शास्त्र वाचन करते हुए कहा कि संयम का अर्थ है भोग की अति और त्याग की अति से ऊपर उठ जाना। संयम ही मोक्ष मार्ग है।
संयम के अभाव में जीव दुर्गतियों के चक्कर लगाता है। जब तक संयम नहीं तब तक यह मनुष्य जीवन पशु के समान है। संयम को मात्र मनुष्य ही धारण कर सकता हैं। पाटनी ने कहा कि जिस प्रकार फूलों का सार इत्र से होता है उसी प्रकार मनुष्य जीवन का सार चरित्र से होता है। जिस प्रकार गाड़ी में ब्रेक जरूरी होता है। हाथी में अंकुश जरूरी होता है। घोड़े पर लगाम जरूरी होता है उसी प्रकार जीवन में व्रत संयम जरूरी होता है। ज्ञान सम्मानीय बनाता है लेकिन संयम पूजनीय बनाता है।
बच्चों ने दिखाया उत्साह किया अभिषेक पूजन
श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन पंचायत के तत्वाधान में आयोजित रुपनगढ़ रोड स्थित श्री मुनिसुव्रतनाथ मंदिर में पयुर्षण पर्व के छठे दिन उत्तम संयम धर्मदिवस धूप दशमी पर्व के दिन पर प्रात: श्रीजी के पंचामृत अभिषेक-शांतिधारा व पूजन की गई। उपाध्यक्ष दिलीप कासलीवाल ने बताया कि शांतिधारा करने का सौभाग्य पारसमल तिलोकचंद चेतनप्रकाश पवनकुमार पांड्या परिवार ऊंटडा वाले को प्राप्त हुआ। स्कूल के अवकाश होने के कारण छोटे-छोटे बच्चों द्वारा श्रीजी के अभिषेक व दर्शन करने वालों का तांता लग गया। श्रावक. भक्तों द्वारा पंच परमेष्ठी पूजन, वीस तीर्थंकर पूजन, पंच मेरु पूजन, नव देवता पूजन, सोलह कारण पूजन, दसलक्षण पूजन, णमोकार मंत्र पूजन, भगवान आदिनाथ पूजन की भगवान शांतिनाथ पूजन की। भक्तों द्वारा सामायिक प्रतिक्रमण कर यथाशक्ति अनुसार व्रत एवं उपवास रखें।
मंत्री सुभाष बडज़ात्या एवं महासभा अध्यक्ष अनीता बाकलीवाल ने बताया कि दोपहर में भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला महासभा द्वारा झांकी सजाई गई जिसका फीता खोलकर उद्घाटन विमल कु़मार महेंद्र कुमार समर्थ पाटनी परिवार उरसेवा द्वारा किया गया। मंडल के सदस्यों द्वारा पाटनी परिवार का स्वागत अभिनंदन किया गया।
उपमंत्री दिनेश पाटनी ने बताया कि सायंकालीन मूलनायक मुनिसुव्रतनाथ भगवान महावीर भगवान पाŸवनाथ भगवान आचार्य वर्धमान सागर महाराज पद्मावती माता एवं क्षेत्रपाल बाबा की वीर संगीत मंडल की मधुर लहरियों पर नाचते गाते भक्ति भाव से संगीतमय आरती की गई। तत्पश्चात संध्याकालीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत उत्तम संयम धर्म पर 5 सितंबर सोमवार को दिगम्बर जैन वीर संगीत मंडल द्वारा जैन तीर्थ दर्शन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संध्याकालीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत मंगलवार को उत्तम तप धर्म दिवस के दिन भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला महासभा द्वारा धार्मिक भक्ति नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
धूप खेवने को उमड़े जैन समाज के लोग
सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा भाद्रपद शुक्ला दशमी सोमवार को धूपदशमी पर्व मनाया गया। किशनगढ़ व मदनगंज क्षेत्र के सभी जैन मंदिरों में दर्शन करते हुए धूप खेवने के लिए जैन समाज के लोग उमड़े। महिलाओं ने व्रत व उपवास रखते हुए पूजन किया। पर्व के चलते मंदिरों में आकर्षक सजावट के बीच झांकियां सजाई गई वहीं रंगोली सजाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई।
