
सांगानेर में 21 महिलाओं का करवाया गर्भ संस्कार
जयपुर, 15 फ़रवरी। आओ गढ़े संस्कारवान पीढ़ी अभियान के अंतर्गत अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से सांगानेर के भापुरा गांव में 21 महिलाओं का निशुल्क गर्भ संस्कार कराया गया। महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान गर्भवती महिलाओं को रखी जाने वाली सावधानियों से अगवत करवाया गया। विजय मीणा ने कहा कि गर्भकाल के दौरान महिला जैसे विचार और जीवन शैली रखेगी उसका प्रभाव गर्भ में पल रहे बच्चे पर पड़ेगा। इसलिए गर्भवती महिला सकारात्मक चिंतन और आदर्श दिनचर्या का पालन करें। विभा अग्रवाल ने कहा कि गर्भवती महिला चाहे जैसी संतान पैदा कर सकती है। लेकिन इसके लिए उन्हें अनुशासन का पालन करना होगा। शकुंतला चौधरी ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान परिवार के सभी सदस्य गर्भवती महिला के साथ अच्छा व्यवहार करें, परिवार में श्रेष्ठ वातावरण बनाकर रखें। ममता ने कहा कि गर्भवती महिला गर्भावस्था के दौरान प्रेरणादायक पुस्तकें अवश्य पढ़े साथ पेट में पल रहे शिशु के साथ संवाद करें। इस मौके पर सभी महिलाओं को आओ गढ़े संस्कारवान पीढ़ी की पुस्तक निशुल्क भेंट की गई।
घरों में स्थापित होंगे सद्ग्रंथ
दुर्गापुरा स्थित गायत्री चेतना केन्द्र में कार्यकर्ता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने गृहे गृहे गायत्री यज्ञ एवं गृहे सद्गुरु सद्ग्रंथ स्थापना का संकल्प लिया। पहले चरण में दुर्गापुरा की चार कॉलोनियों में यज्ञ करवाकर सद्गुरु सद्ग्रंथ स्थापित किए जाएंगे। रविमोहन शर्मा, सुषमा शर्मा, जयशिव शर्मा, सुदेश हांडिया को इसका संयोजक बनाया गया है। प्रत्येक संयोजक 11 घरों में सद्ग्रंथ स्थापित कराएगा। इसके बाद एक नियत स्थान पर पंचकुुंडीय गायत्री यज्ञ किया जाएगा। वहां कार्यकर्ता गोष्ठी, प्रज्ञा मंडल-महिला मंडल का गठन किया जाएगा।