दौसा। पंचायत समिति सैंथल के नाहरथला वाले बालाजी मंदिर में रविवार को सहस्त्र घट रुद्राभिषेक का आयोजन हुआ। इस अवसर पर भक्तों के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान महादेव का रूद्राभिषेक किया गया। वहीं बिल्व पत्रों से भी शिव को रिझाया गया।
इस अवसर पर श्री नाहरथला वाले बालाजी, रामदरबार, अंजनी माता,सीताराम भगवान की झांकी सजाई गई। मुरारी बोहरा ने बताया कि इस अवसर पर सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पीठ पूजन किया गया। इसके बाद पंडित ने मंत्रोच्चार के साथ रुद्र पाठ किया। इस दौरान भक्तों ने महादेव का सहस्त्र घट रुद्राभिषेक किया। इससे पहले मुख्य यजमान हनुमान सहाय बोहरा, माधव प्रसाद शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना कर महादेव का दुग्धाभिषेक व जलाभिषेक किया। अभिषेक के बाद भगवान महादेव का शृंगार कर महाआरती उतारी। अंत में महाप्रसादी का आयोजन हुआ। इस दौरान रमेश शर्मा, कजोड़मल शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, सियाराम बौहरा, हीरालाल, महेश,मदन, मोहित सहित बड़ी संख्या में भक्त लोग उपस्थित रहे।
