पाली। राजस्थान के पाली जिले में आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। वहीं आठ लोग झुलस गए। यह घटना पाली जिले के रोहट थाना क्षेत्र के चोटिला गांव की है। सभी लोग खेत पर काम फसल निकलवाने के लिए गए थे। इसी दौरान बारिश शुरू हो गइ और यह हादस हो गया।

खेत पर गए थे फसल निकलवाने
जानकारी के अनुसार, खेत में काम कर रहे लोगों पर शनिवार को आकाशीय बिजली गिर गई, जिसमें से तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को रोहट अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
झुलसे लोगों को रोहट व जोधपुर के लिए रेफर किया गया है। घटना की सूचना पर रोहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची व घटना की जानकारी ली। रोहट थाना पुलिस के मुताबिक, चोटिला गांव के सिणगारी मार्ग पर जसवंत सिंह, दिलीप सिंह के खेत में फसल निकालने का कार्य चल रहा था। तभी अचानक बारिश आने से सभी लोग खेत के मेड़ पर पेड़ की नीचे खड़े हो गए। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से रुकमा पत्नी दीपाराम, प्रेम पत्नी बाबूदास और रूपी मानाराम की मौके पर ही मौत हो गई। 20 साल के रघुवीर सरगरा, 19 साल के दुर्गाराम सरगरा, 40 साल के मानाराम सरगरा, 29 साल के कृष्णपाल सिंह, 18 साल के पूरण सरगरा, 31 साल के कैलाश गिरी, 58 साल के हनुवंत सिंह और 21 साल के दिनेश गिरी झुलस गए। इनमें से दो लोगों को जोधपुर रेफर किया गया है। अन्य लोगों का रोहट अस्पताल में इलाज जारी है।
बारिश से जनजीवन प्रभावित
गौरतलब है कि दो दिनों से राजस्थान के अधिकतर जिलों में बारिश हो रही है। मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर जारी है। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं तापमान में भी काफी गिरावट आई है।