श्रम विभाग में भ्रष्टाचार के आरोपों से आहत

जयपुर.
केंद्रीय श्रमिक संगठन इंटक, एटक, एचएमएस, सीटू, राज सीटू के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक में गत दिनों श्रम विभाग में उच्च अधिकारियों के भ्रष्टाचार में लिप्त होने पर निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। इंटक के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली, एटक के प्रदेश महामंत्री कुणाल रावत, हिन्द मजदूर सभा के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश माथुर, सीटू के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र शुक्ला, राज सीटू के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल सैनी ने कहा कि राजस्थान सरकार के श्रम सचिव एवं श्रम आयुक्त पर भ्रष्टाचार के आरोप से श्रमिक संगठन आहत हुए हैं। श्रमिक नेताओं ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर जांच करवा कर कार्यवाही करने की मांग की है। उन्होंने श्रमिकों के साथ हो रहे अन्याय के मामलों एवं अन्य मुद्दों पर मुख्यमंत्री द्वारा शीघ्र बैठक बुलाकर चर्चा कराने की मांग की है। कोरोना काल में नियोक्ताओं द्वारा श्रमिकों को मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। कई श्रमिकों को मजदूरी की मांग पर नौकरी से निकाल दिया गया। श्रमिक संगठनों द्वारा श्रम विभाग के उच्च अधिकारियों एवं श्रम मंत्री के संज्ञान में जब मामला लाया गया तब जयगढ़ ट्रस्ट के विरुद्ध अभियोग चलाने का निर्णय हुआ। लेकिन श्रम सचिव द्वारा उक्त आदेश श्रम विभाग को अभी तक नहीं भेजे गए हैं। श्रमिक संगठनों ने तय किया कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं होती है तब संयुक्त आंदोलन की रूपरेखा तैयार करके संघर्ष किया जाएगा।
हमीदा बानो का किया स्वागत
किशनगढ़
यूथ कांग्रेस द्वारा महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर हमीदा बानो के बनने पर स्वागत किया गया। युवा कांग्रेस अध्यक्ष तेजपाल बजाड़ के नेतृत्व मे बानो का युवा कांग्रेसियों ने शॉल व माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर युवा कांग्रेस नेता रवि सिनोदिया, पार्षद महेद्र यादव, कृष्णावतार शर्मा, दीपक बिड़ला, राजीव चौधरी, कमल डीडवानिया, युवा नेता आमिर हनफी, अंकित जोशी, हरीश चौधरी, आकाश ठाकुर, देवेश सिंहल, मुकेश मालाकार, मोहित शर्मा, राजेश सैनी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
