सामान्य कार्यकर्ता से बड़ी जिम्मेदारी तक पहुंचे भाजपा के राधेश्याम उपाध्याय

जयपुर.
एक सामान्य कार्यकर्ता से विधानसभा क्षेत्र तक की जिम्मेदारी तक पहुंचना और साथ ही अन्य राज्यों में जाकर वहां भाजपा के लिए काम करना, यह करके दिखाया है राधेश्याम उपाध्याय ने। उपाध्याय वर्तमान में जयपुर के गोपालपुरा बाइपास स्थित सूर्यनगर में निवास करते है। न्यूजरे 24 से बातचीत के दौरान उन्होंने अपने अनुभव साझा किए। यहां प्रस्तुत उनसे बातचीत के प्रमुख अंश-
प्रश्न : आपके राजनीतिक जीवन की यात्रा का प्रारंभ कैसे हुआ।
उत्तर : मेरे राजनीतिक जीवन का प्रारंभ ऐसे हुआ कि समाजसेवा और जनसेवा करना बचपन से ही आदत में था। राजनीतिक दल के साथ काम करते हुए जनसेवा करना आसान हो गया। इस प्रकार राजनीतिक जीवन का प्रारंभ हुआ।
प्रश्न : आपके शुरूआती और अब तक के राजनीतिक जीवन के बारे में कोई खास बात बताइये।
उत्तर : अब तक का विशेष अनुभव यही है कि राजनीतिक क्षेत्र में काम करने के लिए परिवार के साथ तालमेल बहुत अच्छा होना बहुत जरूरी है तभी आप राजनीति और समाज सेवा के क्षेत्र में काम कर पाएंगे। यही मेरा सबसे बड़ा अनुभव है।
प्रश्न : जो लोग राजनीति में आना चाहते है उनको क्या करना चाहिए।
उत्तर : जो लोग राजनीति में आना चाहते है उनके मन में जनसेवा की सच्ची लगन होनी चाहिए। उनकी स्वयं की आय का साधन भी ठीक होना चाहिए। तभी राजनीति और समाजसेवा क्षेत्र में कार्य संभव है।
प्रश्न : भाजपा में भी वर्तमान में गुटबाजी की स्थिति बताई जा रही है। वास्तविक स्थिति क्या है।
उत्तर : देखिए भाजपा में तो ऐसी कोई गुटबाजी नहीं है। अन्य सभी राजनीतिक दलों की तुलना में तो भाजपा में गुटबाजी नगण्य है। वैसे राजनीतिक दलों में छोटी-मोटी गुटबाजियां हमेशा रहती है। यह कोई बड़ी बात नहीं है।

प्रश्न : सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में की क्या क्या समस्याओं का समाधान हुआ है और क्या होना बाकी है।
उत्तर : सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में ज्यादातर विकास कार्य भाजपा के शासनकाल में ही हुए है। जैसे रंगाई-छपाई के कार्यों को गति देना, गंदे पानी का निकास, सीवर लाइनों का निर्माण, पीने के लिए बीसलपुर के स्वच्छ पानी की व्यवस्था, स्टेडियम का जीर्णोद्धार, बीटू बाईपास का निर्माण, रिद्धि सिद्धि पुल का निर्माण, द्रव्यनती नदी का निर्माण यह सारे भाजपा के शासनकाल में ही हुए है। लेकिन इसके अलावा भी सांगानेर में बहुत सारे विकास कार्यों की आवश्यकता है जैसे वार्ड 71, 74, 88, 90, 91, 93, 94 जैसे वार्डोंे की स्थिति है कि इनमे पीने का स्वच्छ पानी नहीं है। बीसलपुर के पानी की लाइन नहीं है और बरसात के पानी के निकास की भी संतोषजनक व्यवस्था नहीं है। सडक़ और सीवर लाइन का भी निर्माण नहीं है। इस क्षेत्र में कोई बड़ा राजकीय चिकित्सालय भी नहीं है। इसकी आवश्यकता है।
प्रश्न : लॉकडाउन में संगठनात्मक प्रशिक्षण गतिविधियों की क्या स्थिति रही।
उत्तर : लॉकडाउन में सेवा ही संगठन है के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंदों का सहयोग किया। बीजेपी स्टेट कोविड हेल्पलाइन के माध्यम से कोरोना पीडि़तों के इलाज में सहयोग किया। हॉस्पिटल में भर्ती कराया, बैड उपलब्ध करवाना, ऑक्सीजन की व्यवस्था करवाना आदि। इसके अलावा कुछ ऐसे परिवार थे जिनके पास रोजी रोटी का संकट था तो उनके लिए राशन, दाल रोटी आदि उपलब्ध कराएं। कुछ क्षेत्रों में सैनिटाइज, मास्क का बांटने का सेवा कार्य किया।
प्रश्न : आप बंगाल विधानसभा चुनाव में भी गए। वहां का कैसा अनुभव रहा।
उत्तर : पश्चिम बंगाल में भाजपा के संगठन ने मुझे कार्य करने के लिए भेजा और पहली बार 45 दिन तक वहां कार्य किया। पश्चिम बंगाल में भाजपा को 2-3 विधानसभा सीटों पर ही सफलता मिलती थी। उसी बंगाल में 70 प्रतिशत बूथों पर भाजपा के 15 से 20 कार्यकर्ता कार्य करने के लिए तैयार है और कर रहे है। उसी का परिणाम हुआ कि वहां भारतीय जनता पार्टी की 77 सीटों पर सफलता मिली है। यह काफी संतोषजनक स्थिति है।
प्रश्न : क्या आप यूपी चुनाव में भी जाएंगे।
उत्तर : अभी तक पाटी ने पहले भी चार राज्यों में भी भेजा है जिसमे यूपी, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम बंगाल शामिल है। अब अगले वर्ष 2022 में शुरू में ही चुनाव है तो संगठन भेजेगा तो जरूर जाएंगे। अब यह संगठन की रीति नीति पर निर्भर करता है। पार्टी जहां भी भेजती है वहां डेढ़-दो महीने रहकर संगठन को मजबूत करने का कार्य करता हूं। यह कार्य करने का काफी अनुभव हो चुका है।
प्रश्न : आप अपनी राजनीतिक यात्रा के बारे में बताइये।
उत्तर : सन 1995 में मैंने भाजपा का प्राथमिक सदस्य बनकर प्रारंभ किया था और 2001 में पार्टी का सक्रिय सदस्य बना। उसके बाद से पार्टी ने जिस भी काम की जिम्मेदारी दी उसको निष्ठा से निभाया। वर्ष 2005 से 2010 तक मैं आईटी प्रकोष्ठ का प्रदेश महामंत्री रहा उसके बाद सांगानेर मंडल में उपाध्यक्ष भी रहा। जयपुर शहर कार्यकारिणी में और नगर निगम की वित्त समिति का भी सदस्य रहा। संगठन जब जब भी कोई टास्क देता है उसे करने में आगे रहते है। उसी के परिणामस्वरूप भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है।
प्रश्न : वर्तमान में आप क्या दायित्व संभाल रहे है।
उत्तर : वर्तमान में मैं भाजपा सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के संयोजक का दायित्व संभाल रहा हूं।
