थाने से 2 किमी दूर सालभर से छप रहे थे नकली नोट, पूरे देश में किए सप्लाई

Spread the love

2.77 करोड़ के नकली नोट बरामद, छह आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर। यहां थाने से महज 2 िकमी दूर स्थित मकान में पिछले एक साल से नकली नोट छापे जा रहे थे। इसको पुलिस को भनक तक नहीं लगी। यहां छापे करोड़ों रुपए के जाली नोट दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, चेन्नई, बेंगलुरु सहित देशभर के बड़े शहरों में खपाए जा चुके हैं। ग्राम पंचायतों की मीटिंग के दौरान आस-पास के इलाकों में जाली नोट छपने की चर्चा हुई तो 2 सिपाहियों तक बात पहुंची। उन्होंने इस बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद अफसर हरकत में आए। शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे छापेमारी कर मौके से 2 करोड़, 74 लाख जाली करेंसी जब्त की गई है। साथ ही, 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

3 हो गए थे फरार


आईजी ओम प्रकाश पासवान ने बताया कि कुछ दिनों से लूणकरनसर के दो सिपाहियों को ग्राम पंचायतों की मीटिंग के दौरान सूचना मिल रही थी कि नकली नोट छापने का काम हाे रहा है। जांच में सूचना सही निकली। शनिवार शाम जयनारायण व्यास थाने से महज 2 किमी दूर वृंदावन एन्क्लेव में छापेमारी की गई। मकान नंबर 670 में पुलिस पहुंची तो वहां नोट छापने के लिए प्रिंटर लगा था। वहां से रविकांत जाखड़ (24), नरेंद्र शर्मा उर्फ विक्की (27) और मालचंद शर्मा (29) को गिरफ्तार किया गया। मकान में रखे 2 करोड़ 74 लाख रुपए भी पुलिस ने जब्त कर लिए। इस दौरान वहां से चंपालाल शर्मा उर्फ नवीन सारस्वत (31), पूनमचंद शर्मा (26) और राकेश सारस्वत (22) फरार हो गए। रात करीब नौ बजे नोखा के पास से इनको गिरफ्तार किया गया।

देशभर में पहुंचे नकली नोट

बीकानेर में छापे गए ये नोट राजस्थान के अलावा नई दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, पुणे, चेन्नई, बेंगलुरु, पटना, गुवाहाटी, शिलॉन्ग, लुधियाना, चंडीगढ़, सूरत, अहमदाबाद, वृंदावन, बनारस, गाजियाबाद में हवाला कारोबारियों के जरिए पहुंचाए गए। इन शहरों में कितने रुपए पहुंचे, इसका हिसाब अब तक नहीं मिल पाया है।

पहले भी हो चुके हैं गिरफ्तार

इस पूरे गिरोह का सरगना चंपालाल शर्मा उर्फ नवीन बताया जा रहा है। नोटबंदी के दौरान नवीन से पांच करोड़ दस लाख रुपए बरामद हुए थे। मामला बीछवाल थाने (बीकानेर) में दर्ज है। चंपालाल के भाई विशाल की मंडी में आढ़त की दुकान है। विक्की उर्फ नरेंद्र शर्मा के खिलाफ 2019 में पालनपुर पश्चिम गुजरात में मामला दर्ज है। तब उसने 43 लाख रुपए के नकली नोट छापे थे। वो इस मामले में गुजरात जेल में रह चुका है और 27 जुलाई को ही उसकी पेशी होने वाली है।

एक आरोपी को करनाल पुलिस ने पकड़ा

नकली नोट लेकर हवाला कारोबारियों को देने का काम दीपक रैगर के माध्यम से होता था। दीपक रैगर कौन है, इसको लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। शनिवार को चंपालाल शर्मा की गैंग का एक सदस्य दिल्ली में नोट सप्लाई करने के लिए होटल में रुका हुआ था। कार्रवाई की भनक लगते ही वह फरार हो गया। दीपक रैगर को करनाल पुलिस ने हिरासत में लिया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर बीकानेर पुलिस यहां लाएगी।

इस सीरीज के जाली नोट बाजार में

दो हजार के नोट – 8NA750831, 4LH269605, 4LH044149, 5AA807418, 7KM369289, 6GC313798, 2KB316978, 4BD189402, 5LE213589, 8FU151819, 2AU324384, 0CV804572, 1BM114532

500 के नोट – 2ML216390, 2BQ062586, 2TG253211, 1FE355905, 4UB132101, 2BF0272569, 1BQ910750, 1AU391896, 1BK037295

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *