इथियोपिया की मंत्री ने देखी जयपुर फुट की निर्माण विधि

Spread the love

भगवान महावीर विकलांग समिति का किया दौरा


जयपुर.
अफ्रीकी महाद्वीप के देश इथियोपिया की समाज और महिला कल्याण मन्त्री डॉ. एरोगी टेसफा ने रविवार को भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (बी.एम.वी.एस.एस.) में जयपुर फुट निर्माण का अवलोकन किया।
डॉ. एरोगी टेसफा इन दिनों भारत यात्रा पर हैं और जयपुर प्रवास के दौरान उन्होंने बी.एम.वी.एस.एस. के संस्थापक डी.आर. मेहता, कार्यकारी अध्यक्ष एस.एस. भण्डारी, सचिव भूपेन्द्र राज मेहता और डॉ. दीपेन्द्र मेहता तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस.एस. बिस्सा से इथियोपिया की राजधानी आदिसा अबाबा में इथियोपिया के विकलांगों के कल्याणार्थ जयपुर फुट केन्द्र खोलने की सम्भावनाओं पर चर्चा की। इस अवसर पर मदर टेरेसा होम के दिव्यांग बच्चों से भी इथियोपियाई मन्त्री ने भेंट की।
उल्लेखनीय हैं कि इथियोपिया में पूर्व में बी.एम.वी.एस.एस. ने जयपुर फुट के तीन शिविर लगाकर 1268 दिव्यांगों का पुर्नवास किया। दो शिविर भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के इण्डिया फॉर ह्यूमैनिटीज कार्यक्रम के अन्तर्गत तथा एक शिविर राजस्थान के उद्योगपति मफतराज मुर्णांत की कम्पनी जे.एम. कॉपोरेशन के सहयोग से लगाया गया।
इन शिविरों के आयोजन में सहयोग देने वाले जोधपुर के मेजर आर.एस. बंसल और उनकी पत्नी डॉ. पुष्पावती जैन भी इथियोपिया के मन्त्री के साथ आए। मेजर आर.एस. बंसल इथियोपिया की हरार स्थित हरमाया विश्वविद्यालय में पशु चिकित्सा विज्ञान के प्रोफेसर हैं। इथियोपियाई मन्त्री डॉ. टेसफा ने बताया कि उनके देश के प्रधान मन्त्री नोबेल पुरस्कार विजेता अबीय अहमद अली इथियोपिया में जयपुर फुट का एक स्थाई केन्द्र खोलने के इच्छुक हैं। समाज और महिला कल्याण मन्त्री ने कहा कि जयपुर फुट की निर्माण विधि और विकलांगों से बातचीत के बाद वह पूरी तरह सन्तुष्ट हैं और शीघ्र ही इथियोपिया और बी.एम.वी.एस.एस. के बीच जयपुर फुट केन्द्र की स्थापना को लेकर एक एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version