एक साथ जली छह सदस्यों की चिताएं
बिहार। बिहार के नवादा जिले में कर्ज में डूबे एक ही परिवार के छह जनों ने सुसाइड कर लिया। इनके सुसाइड करने के बाद अर्थियों को कंधा देने के लिए भी लोग नहीं थे। सुसाइड करने वालों में परिवार का मुखिया केदार गुप्ता, उसकी पत्नी, तीन बेटियां व एक बेटा है। जानकारी के अनुसार सभी लोगों ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दी है। केदार गुप्ता का बड़ा बेटा अमित दिल्ली में पढ़ाई करता है। घटना की सूचना मिलते ही वो बहन गुंजा के साथ गुरुवार रात नवादा पहुंचा। समाजसेवियों की मदद से पुलिस ने सभी शवों को एक वैन के जरिए श्मशान घाट पहुंचाया, जहां एक साथ इन सभी शवों का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक केदार गुप्ता के बड़े बेटे भाई अमित ने एक-एक कर 6 शवों को मुखाग्नि दी।
बेटे ने बताया- कर्ज को लेकर थे परेशान
मृतक केदार गुप्ता के बड़े बेटे अमित ने बताया कि वो लोग किराए से रहते थे। पिताजी से उसकी बात 2 दिन पहले हुई थी। उस दौरान भी पिताजी कर्ज को लेकर परेशान नजर आ रहे थे, तब उसने कहा भी था कि पापा आप टेंशन मत लीजिए वो सब ठीक कर देगा। अमित ने बताया कि उसे नहीं पता कि मौत कैसे हुई है, लेकिन सभी लोग यह कह रहे हैं कि मौत जहर खाने से हुई है।
5 सदस्यों के अंतिम संस्कार से पहले ही आई छठे सदस्य की मौत की खबर
केदार गुप्ता सहित चार सदस्यों की मौत बुधवार देर रात ही हो गई थी। उनकी एक बेटी साक्षी की सांसें चल रही थी। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा था। पांच शवों को श्मशान घाट ले जाकर चिता पर रख दिया गया था। इसी दौरान साक्षी की भी मौत की सूचना आ गई। इसके बाद साक्षी के शव को भी अस्पताल से श्मशान घाट लिया गया। फिर छहों शवों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
मरने से एक दिन पहले लिखा सुसाइड नोट
घटना बिहार के नवादा शहर में न्यू एरिया मोहल्ले की है। इस मोहल्ले में किराए से रहने वाले केदार लाल गुप्ता ने बुधवार देर रात पत्नी व चार बच्चों के साथ विषाक्त पदार्थ खा लिया था। आस-पड़ोस के लोगों को पता चला तो सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक-एक कर सभी ने दम तोड़ दिया। मरने से पहले केदार गुप्ता के ही बेटे ने बताया कि हमने कर्ज के चलते जहर खा लिया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में 2 लोगों को पकड़ा है। मरने से एक दिन पहले केदार लाल गुप्ता ने सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।