
महिला मोर्चा के नेतृत्व में भाजपा ने किया मुख्यमंत्री का पुतला दहन
राजसमन्द, 25 अप्रेल। जो प्रदेश महिलाओं की आन बान और शान की रक्षा के रूप में प्रसिद्ध था, आज उसी प्रदेश में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित और लाचार बन गई हंै। अपराध के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार अंधी व बहरी बनी है।
चित्तौडग़ढ़ के दुर्ग पाडऩ पोल में राज्य सरकार की विफल क़ानून व्यवस्था एवं बढ़ते महिला अपराधों के विरोध में शुरू हुई रैली और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला दहन करते हुए राजसमन्द सांसद व प्रदेश महामंत्री दीयाकुमारी ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार इतिहास की सबसे निकम्मी व नाकारा सरकार है, जिसके नेतृत्व में राजस्थान की गरिमा दागदार हुई है।
इस्तीफा दें मुख्यमंत्री गहलोत
सांसद दीया ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने राजस्थान को सभी क्षेत्रों में पीछे धकेल दिया है, बढ़ रहा है तो सिर्फ अपराध का ग्राफ। महंगाई हो या महिला अत्याचार, रोजगार और कानून व्यवस्था हो या धार्मिक मामले कांग्रेस सभी मोर्चों पर विफल रही है। गहलोत, गृहमंत्री और मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह से विफल साबित हुए है, उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। आज राजस्थान महिला अत्याचार में नम्बर वन है जो हमारे लिए शर्म की बात है। पिछले दिनों ही अलवर, उदयपुर, भीलवाडा, पाली जिले के तखतगढ, चित्तौडगढ के बस्सी, और राजमसंद के कुरज गांव में किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं। सांसद ने कहा कि कांग्रेस के राज में हैवानियत बढ़ गई है, जो बड़े ही शर्म की बात है।
सरकार की मानसिकता हिन्दू विरोधी
धार्मिक भेदभाव पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए सांसद दीयाकुमारी ने कहा कि सरकार धार्मिक आधार पर भेदभाव कर रही है। करौली में दंगाईयों पर कार्यवाही के स्थान पर अलवर में 300 साल पुराना मंदिर तोड़ दिया। ऐसे कई कृत्य हैं, जो कांग्रेस सरकार की हिन्दू विरोधी मानसिकता को उजागर करते हैं।
सांसद दीया ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने रोजगार का झूठा वादा करके बेरोजगारों का मजाक उड़ाया है। 26 लाख अभ्यार्थियों से जुड़ा हुआ रीट पेपर लीक मामला प्रदेश की सबसे बड़ी धांधली है। पटवारी, कान्स्टेबल, मेडिकल ऑफिसर, स्टेनोग्राफर या आरएएस परीक्षा, सभी में कुछ न कुछ फर्जीवाड़ा सामने आया।
महिला अत्याचारों के विरोध में निकाला जुलूस
चित्तौडग़ढ़ में तीन साल की मासूम के साथ बलात्कार एवं राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के विरोध में महिला मोर्चा का विरोध जुलूस पाडन पोल चितौडग़ढ़ किले से शुरू हुआ, जो जिला कलक्ट्रेट पहुंचा। कलेक्ट्रेट में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। बाद में मासूम के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। इस अवसर पर सीपी जोशी सांसद चित्तौडग़ढ़, अल्का मूंदड़ा प्रदेशाध्यक्ष महिला मोर्चा, चंद्रभान सिंह आक्या विधायक चित्तौडग़ढ़, सुरेन्द्र सिंह राठौड़ विधायक कुम्भलगढ़, गौतम दक जिलाध्यक्ष एवं विधायक बड़ी सादड़ी सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।
