श्रद्धालु बारात बनकर चले अमरनाथ यात्रा पर

Spread the love

कोई बना दूल्हा तो कुछ बने बाराती


जयपुर.
दूल्हे के रूप में बाबा बर्फानी और बाराती की तरह सजे धजे श्रद्धालुओं की बारात भोलेनाथ का जयकारा लगाते हुए शनिवार सुबह जयपुर से अमरनाथ के लिए रवाना हुई। सभी यात्रियों के चेहरे पर खुशी और उल्लास साफ झलक रहा था। जय बाबा अमरनाथ बर्फानी यात्रा प्रदोष सेवा समिति जयपुर के बैनर तले सुबह गलता गेट स्थित नवकुल वैदिक विद्यालय हनुमान मंदिर में एकत्र हुए। इसके बाद गीता गायत्री मंदिर पहुंचे और मंदिर में विराजित विग्रहों के दर्शन कर यात्रा सफल होने की कामना की। पं. राजकुमार चतुर्वेदी ने सभी यात्रियों का अभिनंदन स्वागत किया। समिति के अध्यक्ष सुमित बंसल ने बताया कि महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम भारती, सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया, पं. राजकुमार चतुर्वेदी, खाटू श्यामजी मंदिर के महेन्द्र सिंह चौहान, नहर के गणेश जी मंदिर के महंत जयकुमार, धर्माचार्य विजय शंकर पांडे, परकोटा गणेश मंदिर के युवाचार्य पं. अमित शर्मा, लाड़ली जी मंदिर के महंत संजय गोस्वामी सहित अनेक संत-महंतों ने ध्वज वंदन कर भगवान भोलेनाथ की बारात को रवाना किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के बाराती की तरह सजे धजे एक ही रंग की वेशभूषा में नजर आए। बैंडबाजे की धुन पर नाचते गाते बाराती बसों में सवार हुए। यहां से तीन वातानुकूलित बसों में सवार हो यात्रियों का पह जत्था प्रथम पूज्य मोतीडूंगरी गणेश मंदिर पहुंचा। यहां विघ्न विनाशक के दर्शन कर खाटू श्याम जी के लिए रवाना हुए।
यह यात्रा 14 दिन की होगी। श्रद्धालु सालासर बालाजी, इच्छापूर्ण हनुमान जी, स्वर्ण मंदिर अमृतसर, हिमाचल की चितपूर्णी माता, ज्वाला माता, कांगडा माता, चामुण्डा देवी के दर्शन कर जम्मू की चीची माता, शिव खोडी के दर्शन करेंगे। यहां से कटरा होते हुए मां वैष्णो देवी के दरबार में धोक देंगे। यात्रियों का जत्था श्रीनगर होते हुए बालटाल मार्ग से अमरनाथ पहुंचेगा। यात्री संभवतरू दो जुलाई को बाबा अमरनाथ के दर्शन करेंगे। यात्रा वापसी में यात्रियों को हरिद्वार में गंगा स्नान करवाया जाएगा।
मां वैष्णो देवी अमरनाथ यात्रा सेवा समिति श्रद्धालुओं का एक अन्य जत्था शनिवार सुबह बाबा अमरनाथ की 13 दिवसीय यात्रा पर रवाना हुआ। दिल्ली रोड पुरानी चुंगी स्थित बंगाली बाबा आत्माराम ब्रह्मचारी गणेश मंदिर से यात्रियों के जत्थे को महामंडलेश्वर पुरूषोत्तम भारती, सर्व ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा, पूर्व उप महापौर मनीष पारीक, धर्मप्रचारक विजय शंकर पांडेय, पं. अमित शर्मा एवं अन्य ने रवाना किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version