हरियाणा में बढ़ा Cyber Crime: साइबर अपराधों की शिकायतों में 5 हजार प्रतिशत की बढ़ाेतरी

Spread the love

चंडीगढ़। हरियाणा में वर्ष 2019 के बाद से Cyber Crime के मामलों में लगभग पांच हजार प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं वर्ष 2022 में इस तरह की 66,784 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकारियों की ओर से उपलब्ध कराए आंकड़ों के अनुसार, 2019 में राज्य में साइबर अपराध की 1,362 शिकायतें दर्ज की गई थीं, जिनमें 2022 के अंत तक 4,803.40 प्रतिशत तक वृद्धि हुई।

तीन माह में दर्ज हुई 25,659 शिकायतें

अधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2023 के पहले तीन महीनों में ही साइबर क्राइम की 25,659 शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। शिकायतों की औसत मासिक संख्या वर्ष 2019 में 272 थी, जो बढ़कर वर्ष 2020 में 956 हो गई। इसके बाद वर्ष 2021 में 1,313, वर्ष 2022 में 5,565 और 2023 के पहले तीन महीनों जनवरी से मार्च में 8,553 हो गई। साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर ‘1930’ पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की बढ़ती संख्या से निपटने के लिए हरियाणा पुलिस ने कॉल लाइन की संख्या छह से बढ़ाकर दस कर दी है। साथ ही लाइन पर काम करने वालों कार्मिकों की संख्या 18 से बढ़ाकर 40 कर दी है।

साइबर धोखाधड़ी के मामलों में 56.9 करोड़ रुपए बरामद

हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) ओ. पी. सिंह ने कहा कि पुलिस साइबर क्राइम के शिकार लोगों की 24 घंटे मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस ने पिछले तीन वर्षों में साइबर धोखाधड़ी के मामलों में अपराधियों से 56.9 करोड़ रुपए बरामद किए हैं। साथ ही साइबर क्राइम के मामलों में 1,377 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 1,239 हरियाणा से बाहर के रहने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.