
नई दिल्ली, 28 दिसंबर। नीट-पीजी काउंसलिंग में देरी के विरोध में प्रर्दशन कर रहे रेजिडेंट डॉक्टरों की पुलिस से झड़प के बाद अब फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) ने पूरे देश में 29 दिसंबर से हड़ताल का ऐलान किया है। 29 दिसंबर को सुबह 8 बजे से किसी भी तरह की मेडिकल सेवाएं नहीं दी जाएंगी। डॉक्टर ने इस हड़ताल का ऐलान दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों पर लाठीचार्ज के खिलाफ किया है।
गौरतलब है कि नीट-पीजी 2021 काउंसलिंग में देरी को लेकर दिल्ली में बड़ी संख्या में रेजिडेंट डॉक्टर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी दौरान सोमवार को सडक़ पर पुलिस और डॉक्टरों के बीच झड़प हो गई थी। इसके बाद रेजिडेंट डॉक्टरों ने अपना आंदोलन तेज करते हुए सोमवार को सांकेतिक रूप से अपने एप्रन लौटा दिए और सडक़ों पर मार्च निकाला।
मेडिकल सेवाएं प्रभावित होने की आशंका
एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया है। रेजिडेंट डॉक्टरों पर लाठीचार्ज और महिला डॉक्टरों के साथ पुलिस ने बदसलूकी की, जो शर्मनाक है। पुलिस द्वारा लाठीचार्ज की एसोसिएशन ने निंदा की है। साथ ही लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। डॉक्टरों की देशव्यापी हड़ताल के चलते 29 दिसंबर से मेडिकल सेवाएं पूरी तरह प्रभावित होने की आशंका है। इससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।