Reet : विधानसभा का घेराव करने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने उखाड़े बेरिकेड्स, पुलिस से धक्का-मुक्की

Spread the love

रीट पेपर लीक मामले की सीबीआई से जांच की मांग

जयपुर, 15 फरवरी। रीट पेपर लीक और धांधली के मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर मंगलवार को विधानसभा का घेराव करने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने सडक़ पर लगे बैरिकेड्स उखाड़ दिए और पुलिस से भिड़ गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन से पानी की बौछार की। प्रदर्शन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के गिरने से चोट भी आई है। इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया, सांसद किरोड़ी लाल, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, भाजपा राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित अन्य विधायक, पदाधिकारी और काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि अपने चहेतों को बचाने के सारे प्रयास विफल होने वाले हैं, प्रदेश के 26 लाख युवाओं के अपराधियों को सरकार बचा नहीं सकती, सीबीआई जांच तो होकर रहेगी।

सांसद किरोड़ी लाल मीणा और राजेंद्र राठौड़ कार्यकर्ताओं के साथ सडक़ पर लगे बैरिकेड्स की ओर बढ़े तो पुलिस ने उन्हें पीछे धकेल दिया। इस दौरान राठौड़ और किरोड़ी की पुलिस के साथ तकरार भी हुई। थोड़ी देर बाद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया सहित अन्य नेताओं ने सांकेतिक गिरफ्तारियां दी। इससे पहले विरोध प्रदर्शन के लिए सुबह नौ बजे से ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश पार्टी मुख्यालय पर पहुंचना शुरू कर दिया था। यहां से कार्यकर्ता विधानसभा घेराव के लिए रवाना हुए हालांकि पुलिस ने उन्हें बाईस गोदाम पुलिया के पास ही रोक लिया। यहां उनकी पुलिस से धक्का-मुक्का हुई और प्रदर्शनकारियों ने आगे बढऩे की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढऩे दिया।

जमवारामगढ़ से शामिल हुए सैकड़ों कार्यकर्ता

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जमवारामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर रीट की परीक्षा की सीबीआई जांच की मांग की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, राजस्थान प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह जी राष्ट्रीय महामंत्री, राज्यसभा सदस्य डॉ किरोड़ी लाल मीणा, जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा सहित प्रदेश के सभी विधायक, सांसद व भाजपा पदाधिकारियों सहित प्रदेश नेतृत्व के साथ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेता महेंद्र पाल मीणा, जगदीश नोनपुरा, लाला फौजी नयाबास, जितेंद्र शर्मा, राजेंद्र शर्मा आन्धी सहित काफी संख्या मेें भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.