भाजपा ने चार राज्यों में बदले अध्यक्ष बदले, राजस्थान में ब्राह्मण पर खेला दांव

Spread the love

जयपुर। राजस्थान में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया है। अब राजस्थान की कमान चित्तोड़गढ़ से सांसद सीपी जोशी को सौंपी गई है। इस नियुक्ति को प्रदेश में ब्राह्मणों को साधने से जोड़कर देखा जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को चार राज्यों में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव किए। इसके तहत पार्टी ने बिहार विधान परिषद में पार्टी के नेता सम्राट चौधरी को बिहार इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया जबकि चितौड़गढ़ से सांसद चंद्र प्रकाश जोशी (सीपी जोशी) को भाजपा की राजस्थान इकाई की जिम्मेदारी सौंपी गई। पार्टी महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी किए गए नियुक्ति पत्रों के अनुसार दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को प्रोन्नत करते हुए प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया और ओडिशा के पूर्व मंत्री व वरिष्ठ नेता मनमोहन सामल को ओडिशा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सिंह ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने इन नियुक्तियों को हरी झंडी दी है और यह तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

भारी मतों से जीते थे जोशी सांसद का चुनाव

राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए सीपी जोशी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भारी मतों से जीत दर्ज की और दूसरी बार संसद पहुंचे। वह प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सतीश पूनियां की जगह लेंगे। जोशी कभी राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेहद करीबी माने जाते थे। हालांकि उनके बारे में पार्टी के एक वर्ग का मानना है कि वह राजस्थान में भाजपा के किसी गुट के नहीं हैं। पूनियां के वसुंधरा से कभी अच्छे संबंध नहीं रहे। राजस्थान में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने हैं।

सात बार विधायक रहे शकुनी चौधरी के पुत्र हैं बिहार प्रदेशाध्यक्ष

कुशवाहा (अन्य पिछड़ा वर्ग) समाज से आने वाले सम्राट चौधरी बिहार के दिग्गज नेता रहे शकुनी चौधरी के पुत्र है। शकुनी चौधरी सात बार विधायक रहे हैं। वह बिहार भाजपा अध्यक्ष के रूप में संजय जायसवाल की जगह लेंगे। सम्राट चौधरी बिहार भाजपा के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह 1999 में कृषि मंत्री और 2014 में शहरी विकास और आवास विभाग के मंत्री भी रह चुके हैं। चौधरी 54 वर्ष के हैं और 2018 में भाजपा में शामिल होने के बाद उनके कद में लगातार इजाफा हुआ है। कभी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के करीबी रहे सम्राट चौधरी ने वर्ष 2014 में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) छोड़कर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का दामन थाम लिया था।

पंजाबी समुदाय से हैं सचदेवा

सचदेवा को पिछले साल दिसंबर में दिल्ली भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने आदेश गुप्ता की जगह ली थी। कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभालने के बाद सचदेवा दिल्ली में बेहद सक्रिय रहे हैं। पंजाबी समुदाय से आने वाले सचदेवा को उनके कार्य का ईनाम दिया गया है।
मनमोहन सामल ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में समीर मोहंती का स्थान लेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मोहंती का तीन साल का कार्यकाल इसी साल जनवरी में पूरा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published.