
जमवारामगढ़, 13 जनवरी /( विकास शर्मा)। जयपुर जिले के जमवारामगढ़ उपखंड क्षेत्र के आंधी पंचायत समिति मुख्यालय पर भाजपा जयपुर देहात उत्तर जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा व भाजपा नेता महेंद्र पाल मीणा के निर्देशन में विस्तारक अशोक शर्मा व आंधी मंडल अध्यक्ष महादेव नेताला के नेतृत्व में अलवर जिले में मूक बधिर बालिका के साथ हुए गैंगरेप के विरोध में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला जलाया गया। साथ ही बालिका को न्याय दिलाने की मांग की गई।
इस दौरान महादेव नेतावाला ने राजस्थान सरकार पर जबरदस्त निशाना साधा और कहा कि आए दिन महिलाओं और बालिकाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। दूसरी ओर राजस्थान सरकार चुप बैठी है तथा अपराधियों को सजा नहीं मिल रही है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। प्रदेश में आपराधिक गतिविधियों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है, लेकिन प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार कानून व्यवस्था चाक चौबंद करने के बजाय चुप बैठी है। आपराधिक घटनाओं के बढ़ते ग्राफ के चलते आमजन अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है। आए दिन लूटपाट और चोरी की वारदातेें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने समय रहते इन आपराधिक घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया तो हमें आंदोलन पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस दौरान राजेंद्र शर्मा आंधी, महामंत्री सीताराम शर्मा, मंडल मंत्री हरिमोहन शर्मा, बूथ अध्यक्ष घनश्याम शर्मा, रणजीत सिंह राजपूत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।