19 साल बाद दूसरी पत्नी भी छोड़ गई सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का साथ

Spread the love

वर्ष 2003 में हुआ था पहली पत्नी का निधन

लखनऊ, 10 जुलाई। समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का शनिवार सुबह गुरुग्राम में निधन हो गया।
सपा के सूत्रों ने लखनऊ में बताया कि साधना गुप्ता (62) पिछले तीन महीनों से फेफड़ों के संक्रमण और अन्य बीमारियों से पीड़ित थीं, जिन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने शनिवार सुबह अंतिम सांस ली।
सपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शनिवार को ट्वीट किया गया कि समाजवादी पार्टी के संरक्षक आदरणीय नेताजी (मुलायम सिंह यादव) की पत्नी साधना यादव का निधन, अत्यंत दुखद। भावपूर्ण श्रद्धांजलि। बाद में, पार्टी के इस ट्वीट को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी री-ट्वीट किया।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि मुलायम सिंह यादव अपनी पत्नी के निधन के समय दिल्ली में थे और पार्थिव शरीर को लखनऊ लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव व्यवस्था की देखरेख कर रहे हैं और अंतिम संस्कार का कार्यक्रम जल्द ही तय किया जाएगा।
साधना गुप्ता के निधन की खबर मिलते ही पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मुलायम सिंह यादव के घर पहुंचने लगे।

साधना गुप्ता सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं। यादव की पहली पत्नी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मां मालती देवी का 2003 में निधन हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published.