
भारतीय वायुसेना की बढ़ेगी आक्रमक क्षमता
नई दिल्ली.आसमान में अपनी आक्रमक क्षमता को बढ़ाने के लिए भारतीय वायु सेना अपने 30 और लड़ाकू सुखोई विमानों को 500 किलोमीटर से अधिक रेंज की ब्रह्मोस मिसाइल से लैस करेगी। फिलहाल वायु सेना के पास दुनिया की एकमात्र सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल से लैस 40 सुखोई-30 एमकेआई विमान हैं, जिन्हें पाकिस्तान के साथ देश की पश्चिमी सीमा और चीन के साथ पूर्वी सीमा पर तैनात किया गया है। वायु सेना के पास ब्रह्मोस से लैस 70 सुखोई विमान हो जाने के बाद भारत की आसमानी ताकत और ज्यादा बढ़ जाएगी।
अब 500 किमी. से अधिक दूरी तक करेगा वार
वायु सेना के अनुसार भारतीय वायु सेना ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल के साथ एकीकृत सुखोई-30 लड़ाकू विमानों की संख्या बढ़ाने के लिए तैयार है, जिसकी रेंज अब 500 किलोमीटर से अधिक है। इस मिसाइल की सीमा पहले 290 किमी. थी लेकिन इसे अब 500 किमी. से अधिक तक बढ़ा दिया गया है। ब्रह्मोस की रेंज को 800 किमी. से 1,500 किमी. तक बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है। इस मिसाइल ने अपनी असाधारण सटीकता के साथ हमला करने के मामले में भारतीय वायुसेना को एयरोस्पेस की दुनिया में बहुत ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।
सुखोई-30 के समुद्री हमले की क्षमता में होगा इजाफा
वायु सेना ने अगस्त, 2020 में तमिलनाडु के तंजावुर में ब्रह्मोस से लैस सुखोई-30 एमकेआई फाइटर जेट्स के 222 ‘टाइगर शार्क’ स्क्वाड्रन को कमीशन किया था। यह पहली बार था जब चौथी पीढ़ी के वायु सेनानियों को दक्षिणी वायु कमान से बाहर किया गया था। वायु सेना ने सुखोई-30 की समुद्री हमले की क्षमता को देखते हुए हिंद महासागर क्षेत्र में चीनी नौसेना की बढ़ती मौजूदगी का मुकाबला करने के लिए यह कदम उठाया था। रणनीतिक कारणों से तंजावुर भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण है, इसलिए सुखोई-30 एमकेआई को यहां तैनात करने का फैसला लिया गया था। टाइगर शार्क स्क्वाड्रन में 18 लड़ाकू विमान हैं, जिनमें से लगभग छह ब्रह्मोस से लैस हैं।
दुनिया की एकमात्र सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल से लैस हैं 40 सुखोई
कुल मिलाकर वायु सेना के पास ब्रह्मोस से लैस 40 सुखोई विमान हैं, जिन्हें पाकिस्तान के साथ देश की पश्चिमी सीमा और चीन के साथ पूर्वी सीमा पर तैनात किया गया है। सुखोई की रेंज 1,500 किलोमीटर है, इसलिए यह क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस से लंबी दूरी के लक्ष्यों को मार सकता है। अब वायु सेना अपने 30 और लड़ाकू सुखोई विमानों को 500 किलोमीटर से अधिक रेंज की ब्रह्मोस मिसाइल से लैस करेगी। यूक्रेन-रूस के युद्ध का असर सुखोई-30एमकेआई लड़ाकू विमानों को अपग्रेड करने की योजना पर भी पड़ा है, इसलिए अब इस बेड़े का भारत में ही तेजी के साथ आधुनिकीकरण करने का फैसला लिया गया है।
वायु सेना की बढ़ेगी आसमानी ताकत
भारतीय वायु सेना नए तकनीकों और हथियारों को शामिल कर लगातार अपनी ताकत बढ़ा रही है। 30 और लड़ाकू सुखोई विमानों को ब्रह्मोस से लैस करने के बाद वायु सेना के पास 70 ऐसे सुखोई विमान हो जाएंगे जो ब्रह्मोस जैसे घातक एकमात्र सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल से लैस हैं। सुखोई विमानों के उच्च प्रदर्शन के साथ एयर लांच ब्रम्होस मिसाइल की विस्तारित रेंज क्षमता भारतीय वायु सेना को एक रणनीतिक बढ़त देगी।
रडार के पकड़ से भी बाहर ब्रह्मोस मिसाइल
आवाज की गति से भी तेज उड़ान भरने वाली ब्रह्मोस एक सुपरसॉनिक क्रूज मिसाइल है। बहुत नीची उड़ान भरने के कारण इस मिसाइल को राडार पकड़ नहीं पाती। इसकी गति के कारण ब्रह्मोस को लक्ष्य से पहले मार गिराना आसान नहीं है क्योंकि इसे रोकने के लिए दागी जाने वाली मिसाइलों की रफ्तार इससे आधी ही है। इसमें मुख्य तौर पर दो स्टेज हैं। पहले चरण में इसके बूस्टर इंजन मिसाइल को सुपरसोनिक स्पीड देते हैं। इनका काम इसके बाद खत्म हो जाता है। इसके बाद रोल शुरू होता है लिक्विड रैमजेट या दूसरे स्टेज का। इसमें मिसाइल आवाज की तीन गुना तक स्पीड पकड़ती है। भारत और रूस के संयुक्त उपक्रम ब्रह्मोस कॉरपोरेशन की ओर से विकसित की जा रही इस मिसाइल का नामकरण भारत की ब्रह्मपुत्र व मास्को से होकर बहने वाली मस्कवा नदी के नाम को मिलाकर किया गया है।