
जयपुर, 6 फरवरी। पिछले लंबे समय से बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक व वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती का इंतजार कर रहे बेरोजगारों के लिए खुशखबरी है। कर्मचारी चयन बोर्ड ने बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक व वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक की भर्ती निकाल दी है। प्रदेश में टीएसपी व नॉन टीएसपी दोनों क्षेत्रों को मिलाकर कुल 10 हजार 157 पदों पर यह भर्ती की जाएगी। इस भर्ती को लेकर आवेदन 8 फरवरी से शुरू होंगे, जो करीब एक माह 8 मार्च तक चलेंगे। वहीं परीक्षा का आयोजन मई, जून में होने की संभावना है। इस भर्ती प्रक्रिया को पूरा होने में करीब छह माह का समय लग जाएगा। यानी अगस्त – सितंबर के बाद ही स्कूलों में इन बेसिक व वरिष्ठ अनुदेशकों की सेवाएं मिल सकेंगी। बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक कक्षा 9 व 10 को कंप्यूटर शिक्षण का काम करेंगे। साथ ही स्कूल के समस्त ऑनलाइन कार्यों व कंप्यूटर लैब के प्रभारी भी होंगे। इसी प्रकार वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक कक्षा 11 व 12 में कंप्यूटर विषय का शिक्षण कार्य कराएंगे।
शिक्षक लगने से बच्चों को होगा फायदा – शर्मा
पिछले लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार था, स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षण के लिए बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक व वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक लगने से बच्चों को काफी फायदा होगा। स्कूलों में बच्चों को कंप्यूटर का प्रशिक्षण अब इसमें प्रशिक्षित एक्सपर्ट शिक्षकों से मिल सकेगा।- अरविंद शर्मा, डीईओ माध्यमिक