पूर्व विधायक समेत 16 लोगों ने थामा भाजपा का दामन

Spread the love

जयपुर। विधानसभा चुनावों से पहले राजस्थान में दल-बदल का दौर चल रहा है। पूर्व विधायकों एवं एक रिटायर राज्य पुलिस प्रमुख समेत 16 लोगों ने शनिवार को जयपुर में भाजपा का दामन थाम लिया। इस मसले पर राजस्थान के भाजपा प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि 16 नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शनिवार को भाजपा में शामिल हुए। भविष्य में भी यह क्रम जारी रहेगा क्योंकि अधिकांश लोग भाजपा की नीतियों और कार्यक्रमों में विश्वास दिखा रहे हैं। प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार के कुशासन से लोग तंग आकर कांग्रेस छोड़ रहे हैं।
राजस्थान भाजपा की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, भाजपा का दामन थामने वालों में पूर्व विधायक मोतीलाल खरेरा, अनिता कटारा, गोपीचंद गुर्जर, सेवानिवृत्त न्यायाधीश किशन लाल गुर्जर, मध्य प्रदेश के पूर्व डीजीपी पवन कुमार जैन, कांग्रेस नेता मृदुरेखा चौधरी शामिल हैं। अरुण सिंह ने कहा कि कुल 16 नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं। कई लोग पहले भी पार्टी में सेवाएं दे चुके हैं। भविष्य में भी भाजपा में नेताओं का आना जारी रहेगा क्योंकि लोग कांग्रेस सरकार के कुशासन से आजिज आ चुके हैं।

राज्य में कानून का कोई शासन नहीं

अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार महिलाओं के खिलाफ ‘बढ़ते’ अपराध, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षा पेपर लीक और किसानों की जमीन की नीलामी के लिए जिम्मेदार है। इन्हीं कारणों से लोग कांग्रेस छोड़ रहे हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि अशोक गहलोत सरकार को महिलाओं को स्मार्टफोन बांटने के बजाय उनकी सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए। राज्य में कानून का कोई शासन नहीं है। भ्रष्टाचार चरम पर है और युवा पेपर लीक से परेशान हैं। वहीं राजस्थान के भाजपा प्रभारी अरुण सिंह ने ट्वीट कर कहा कि पांच वर्षों के दौरान प्रदेश में 2 दर्जन साधु संतों की हत्या कर दी गई। कन्हैया लाल दर्जी की दिन दहाड़े गर्दन काट दी गई। जयपुर बम ब्लास्ट का आरोपी जेल से बरी हो गया। अशोक गहलोत सरकार ने राजस्थान का नाश कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.