
देहरादून, 22 फरवरी। उत्तराखंड के चंपावत में सोमवार देर रात बारातियों को लेकर लौट रही एक जीप खाई में गिर गई। हादसे में 14 बरातियों की मौत गई व चालक सहित दो जने गंभीर घायल हो गए।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार जीप में सवार सभी लोग चंपावत से करीब 65 किमी दूर टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में हुई शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 3 बजकर 20 मिनट पर जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे की सूचना के बाद पुलिस व बचाव दल के सदस्य मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने 13 शवों को खाई से बाहर निकाला गया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल चालक प्रकाश राम पुत्र हरीश राम उम्र 28 वर्ष निवासी साल, पाटी और एक अन्य त्रिलोक राम पुत्र टीका राम उम्र 42 वर्ष निवासी ककनाई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शादी से लौट रहे थे
हादसे का शिकार हुए लोग ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के बेटे मनोज सिंह की शादी में शामिल होने गए थे। मृतकों में ज्यादातर लक्ष्मण सिंह के सगे संबंधी बताए जा रहे हैं। चालक की हालत ज्यादा गंभीर है। मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
हादसे में इनकी हुई मौत
1 लक्ष्मण सिंह (61) पुत्र ध्यान सिंह निवासी ककनाई,
2 केदार सिंह (6२) पुत्र दान सिंह निवासी ककनई,
3 ईश्वर सिंह (40) पुत्र फतेह सिंह निवासी ककनई
4 उमेद सिंह (48) पुत्र गणेश सिंह निवासी ककनई
5 हयात सिंह (37) पुत्र दीवान सिंह निवासी ककनई
6 पुनी देवी (55) पत्नी नारायण सिंह निवासी हल्द्वानी
7 भगवती देवी (45) पत्नी होशियार सिंह उम्र 45 वर्ष
8 पुष्पा देवी (50) पत्नी शेर सिंह निवासी ककनई
9 बसंती देवी (35) पत्नी नारायण दत्त भट्ट निवासी चंपावत
10 श्यामलाल (50) पुत्र धनीराम निवासी डांडा
11 विजय लाल (48) पुत्र ईश्वरी राम निवासी डांडा
12 हीरा सिंह (15) पुत्र उमेश सिंह आयु 15 वर्ष निवासी डांडा
13 देवांशी (4) पुत्री बसंती देवी उम्र 4 वर्ष निवासी चंपावत
14 नीलावती (58) पत्नी कुंवर सिंह उम्र 58 वर्ष निवासी चोरगलिया
प्रधानमंत्री ने की आर्थिक मदद की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे में गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के चंपावत में हुई दुर्घटना हृदय विदारक है। इसमें जिन लोगों की मृत्यु हुई है, मैं उनके परिजनों के प्रति अपनी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में हुई दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की है। वहीं घायलों को 50,000 रुपए देने की घोषणा की गई है।