पश्चिम बंगाल की चर्चित दादी की मौत

Spread the love

भाजपा के बड़े नेताओं ने जताया शोक
जयपुर। पश्चिम बंगाल की चर्चित दादी की मौत हो गई है। इस पर भाजपा के बड़े नेताओं ने शोक जताया है। यह पहली बार है कि एक सामान्य कार्यकर्ता की मां और उसके परिवार की दादी की मृत्यु पर बड़े नेताओं ने शोक जताया है। इसका कारण पश्चिम बंगाल में होने वाली राजनीतिक हिंसा है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि दादी की मौत तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हमले में हुई पिटाई से हुई है।
गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्ढा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आदि ने ट्वीट कर आरोप लगाया है कि कुछ दिनों पहले भाजपा कार्यकर्ता गोपाल मजूमदार की मां शोभा मजूमदार की भाजपा कार्यकर्ता की मां होने के कारण बहुत अधिक पिटाई की गई थी, जिसके कारण उनकी 29 मार्च को मौत हो गई। उनके परिवार के सदस्यों की भी पिटाई की गई थी। वह लगभग 85 वर्ष की थी। भाजपा का आरोप है कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के हमलों के चलते उसके 80 से अधिक कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है और सैंकड़ों कार्यकर्ता घायल हो चुके है। इसके चलते ही चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में अधिक केंद्रीय बलों को तैनात किया ताकि चुनाव शांतिपूर्ण हो सके। वहीं टीएमसी भी भाजपा पर राजनीतिक हिंसा का आरोप लगाती है। यहां तक कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर हमले का आरोप लगाते हुए पांव में चोट दिखाई, जिसका प्लास्टर भी कराया गया। अब ममता बनर्जी पांव में प्लास्टर बंधे ही चुनाव प्रचार कर रही है। इससे भाजपा चिंतित है और आरोप लगा रही है कि चुनावी सहानुभूति के लिए टीएमसी नेता बनर्जी ऐसा कर रही है।
गौरतलब है कि इस बार पश्चिम बंगाल में हो रहे चुनाव देश में सबसे अधिक चर्चित है। भाजपा का दावा है कि पश्चिम बंगाल में इस बार उसकी सरकार बनेगी, वहीं टीएमसी का कहना है कि एक बार फिर ममता बनर्जी ही मुख्यमंत्री बनेगी। पश्चिम बंगाल में अभी प्रथम चरण का ही मतदान हुआ है और चुनाव परिणामों की घोषणा 2 मई को की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *