कोरोना : महाराष्ट्र में 60 हजार नए केस, 24 घंटे में 322 लोगों की मौत

Spread the love

महाराष्ट्र में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। यहां पिछले 24 घंटे में 59,907 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कोरोना से 322 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र में 5,01,559 कोरोना के एक्टिव केस हैं। वहीं महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने महाराष्ट्र में वैक्सीन की कमी की बात भी कही है। उन्होंने कहा है कि वैक्सीन की कमी की वजह से कई वैक्सीनेशन सेंटरों से लोगों को बिना टीका लगवाए लौटना पड़ रहा है। महाराष्ट्र अभी चार लाख टीके रोज लगाए जा रहे हैं, जिसे सरकार बढ़ाकर छह लाख टीके रोज करने जा रही है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री का कहना कि महाराष्ट्र सरकार के पास रोज छह लाख वैक्सीन देने की क्षमता है। उन्हें हर माह 1.60 करोड़ डोज की आवश्यकता है। उन्होंने बीस से चालीस वर्ष उम्र तक के लोगों के भी टीकाकरण की मांग केन्द्र सरकार से की है।

नागपुर में बढ़ रहे कोरोना पॉजिटिव

अकेले नागपुर में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 66 लोग दम तोड़ चुके हैं। वहीं गत 24 घंटों में 5,338 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। नागपुर में एक माह से रोज तीन से चार हजार पॉजिटिव केस आ रहे हैं। पुलिस प्रशासन की सख्ती के बावजूद यहां पॉजिटिव केसों में कमी नहीं आ रही है।

मुंबई में एक दिन में दस हजार से ज्यादा केस

मायानगरी मुंबई में भी इन दिनों कोरोना विकराल रूप धारण किए हुए है। मुंबई में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 10,428 नए मामले सामने आए हैं व 23 लोगों की मौत हो गई। मुंबई में एक्टिव केसों की संख्या 81,886 हो गई है। कई शहरों में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। अकेले मुंबई में कोरोना केस मिलने के बाद सात सौ से अधिक इमारतें सील की गई हैं।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार को देश में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा एक लाख को भी पार कर गया। यह दूसरी बार है जब कोरोना के मामले एक दिन में एक लाख के पार पहुंचे हैं। इससे पहले चार अप्रेल को 24 घंटे में 1,03,558 नए मामले सामने आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *