
हालात अमेरिका से भी भयावह
भारत में कोरोना की दूसरी लहर कहर बरपा रही है। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है तो अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था भी लडख़ड़ाती नजर आ रही है। एक तरफ अस्पतालों में बेड कम पड़ रहे है तो दूसरी तरफ ऑक्सीजन की कमी से कोरोना संक्रमितों की सांसें उखड़ती नजर आ रही हैं। देश में बुधवार को चौबीस घंटे में 2.94 लाख नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। देश में रोजाना कोरोना संक्रमितों की संख्या में 25 से 30 हजार का इजाफा हो रहा है। यहां संक्रमण की दर सोलह फीसदी तक पहुंच गई है। ऐसे में अगले कुछ दिन में ही स्थिति यह जाएगी कि रोजान तीन लाख ज्यादा संक्रमित भारत में मिलने लगेंगे। दूसरी लहर के दौरान अमेरिका में ऐसी स्थिति सिर्फ एक बार आई थी, जब एक दिन में 3 लाख मरीज मिले।
चौंकाने वाली बात ये है कि अमेरिका में प्रतिदिन 2 लाख से कोरोना संक्रमितों की संख्या तीन लाख तक पहुंचने में 38 दिन लगे थे, वहीं भारत में यह आंकड़ा सिर्फ एक सप्ताह में दो लाख से बढक़र तीन लाख के करीब पहुंच गया।
भारत में 14 दिन में हो गए एक लाख
अमेरिका में दूसरी लहर की शुरूआत अक्टूबर 2020 में हुई थी। यहां पहली बार सात अक्टूबर को 50 हजार से ज्यादा मरीज आए। इसके बाद यहां कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख तक एक माह में पहुंचा। इसके बाद 4 नवंबर को अमेरिका में पहली बार चौबीस घंटे में करीब एक लाख नौ हजार नए मरीज मिले थे। भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या को पचास हजार से एक लाख तक प्रतिदिन होने में सिर्फ चौदह दिन लगे।
दस दिन में हो गए दो लाख केस
अमेरिका में संक्रमितों मरीजों का रोजाना का आंकड़ा एक लाख से बढक़र दो लाख होने में 27 दिन लगे। यहां चार नवंबर को एक लाख केस आए थे और पहली बार दो लाख केस दो दिसंबर को दर्ज आए। भारत में रोजाना संक्रमितों की संख्या दो लाख तक पहुंचने में 10 दिन लगे। भारत में 6 अप्रेल को पहली बार एक लाख से अधिक केस आए और 15 अप्रेल को भारत में दो लाख सोलह हजार कोरोना संक्रमित मिले।
अमेरिका में दिसंबर से दो लाख से ज्यादा केस आने लगे और पहली बार 8 जनवरी को 3,07581 केस दर्ज हुए। अमेरिका में सिर्फ एक दिन 8 जनवरी को ही तीन लाख से ज्यादा केस आए। भारत में अप्रेल को दो लाख से ज्यादा केस आए और बीस अप्रेल को यहां 2,94,290 नए कोरोना केस दर्ज किए गए। जिस गति से कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है, उसके हिसाब से एक-दो दिन में भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या तीन लाख रोजाना के आंकड़े को पार कर जाएगी।