डॉक्टर ऑपरेशन के दौरान आखिर क्यों पहनते हैं हरे रंग के कपड़े

Spread the love

आपने अस्पतालों में अक्सर देखा होगा कि डॉक्टर हरे या नीले रंग के कपड़े पहने हुए ही नजर आते हैं। इतना ही नहीं, अस्पतालों में पर्दों का रंग भी हरा ही होता है। अधिकतर ऑपरेशन करते समय डॉक्टर हरे रंग या नीले रंग के कपड़े ही पहनते हैं।
लेकिन कभी आपने इस पर गौर किया कि वे हरे या नीले रंग के कपड़े ही क्यों पहनते हैं। किसी अन्य रंग लाल, पीला या किसी और रंग के कपड़े क्यों नहीं पहनते हैं।

वर्ष 1914 में हुई शुरुआत

अस्पतालों में डॉक्टरों से लेकर अस्पताल में काम करने वाले सभी कर्मचारी सफेद कपड़े पहनते हैं, लेकिन 1914 में एक प्रभावशाली डॉक्टर ने इस पारंपरिक ड्रेस को हरे रंग में बदल दिया और तब से लेकर आज तक यही ड्रेस चली आ रही है। हालांकि कुछ डॉक्टर नीले रंग के भी कपड़े पहनते हैं।
इसके अलावा अधिकतर अस्पताल में पर्दों का रंग भी हरा या नीला ही होता है। अस्पताल के कर्मचारियों के कपड़े और मास्क भी हरे या नीले रंग के ही होते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर हरे रंग या नीले रंग में ऐसा क्या खास है, जो ये केवल इसी रंग के कपड़े उपयोग में लेते हैं। वर्ष 1998 में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक मरीज के ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने हरे रंग के कपड़े पहनने इसलिए शुरू किए क्योंकि इस रंग से आंखों को आराम मिलता है।
जब हम किसी एक रंग को लगातार देखते रहते हैं तो हमारी आंखों में अजीब सी थकान महसूस होने लगती है। हमारी आंखें सूरज या फिर किसी भी दूसरी चमकदार चीज को देख कर चौंधिया जाती हैं, लेकिन इसके तुरंत बाद अगर हम हरे रंग को देखते हैं, तो हमारी आंखों को काफी हद तक आराम मिलता है।

आंखों के लिए हरा व नीला रंग ही सुकूनभरा

वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो हमारी आंखों का जैविक निर्माण कुछ इस प्रकार से हुआ है कि ये लाल, हरा और नीला रंग देखने में सक्षम हैं। इन रंगों के ही मिश्रण से बने अन्य करोड़ों रंगों को इंसानी आंखें पहचान सकती हैं। लेकिन इन सभी रंगों की तुलना में हमारी आंखें हरा या नीला रंग ही सबसे अच्छी तरह देख सकती हैं।
डॉक्टर ऑपरेशन दौरान हरे रंग के कपड़े इसलिए भी पहनते हैं, क्योंकि वह लगातार खून और मानव शरीर के अंदरूनी अंगों को देखकर मानसिक तनाव में आ सकते हैं, ऐसे में हरा रंग देखकर उनका मस्तिष्क उस तनाव से राहत महसूस करता है। कभी-कभी डॉक्टर नीले रंग के कपड़ों में भी होते हैं। नीला रंग भी हमारे मस्तिष्क पर हरे रंग के जैसा ही प्रभाव डालता है। इसलिए नीले रंग के कपड़े भी चिकित्सकों द्वारा उपयोग किए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version