
भारत में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पूरे देश में डेढ़ करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। वहीं महाराष्ट्र में लोक डाउन के बावजूद कोरोना के केसों में कमी नहीं आ रही है। इसके पीछे कोरोना के डबल म्यूटेंट वैरिएंट को जिम्मेदार माना जा रहा है, जो पहले के म्यूटेंट से ज्यादा खतरनाक साबित हो रहा है। कोरोना के डबल म्यूटेंट वैरिएंट क्च.1.167 को अक्टूबर २०२० में ही डिटेक्ट कर लिया गया था। भारत में तेजी से फैल रहे कोरोना के लिए यह डबल म्यूटेंट ही जिम्मेदार है, लेकिन अब जो खबर आई है, वो और भी चिंताजनक है। कोरोना के इस वैरिएंट का एक और म्यूटेशन होकर अब यह ट्रिपल म्यूटेंट हो गया है।
चार राज्यों के 17 सैंपल में नजर आया ट्रिपल म्यूटेंट
एक अंग्रेजी दैनिक में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार डबल म्यूटेंट वैरिएंट के ट्रिपल म्यूटेंट में बदलने की जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय को दी गई है। दिल्ली, पश्चिमी बंगाल, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र से लिए गए सैंपल्स में यहां नया म्यूटेशन नजर आया है। चिंता कि बात यह है कि इन्हीं राज्यों में कोरोना के मामले तेजी बढ़े हैं। इन राज्यों से लिए 17 सैंपल में ऐसा दिखा है।
नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल ने डबल म्यूटेंट वैरिएंट की जानकारी कुछ माह पहले दी थी। ये वायरस का वो रूप है, जिसके जीनोम में दो बार बदलाव हो चुका है। खुद को लंबे समय तक प्रभावी रखने के लिए वायरस अपनी जेनेटिक संरचना में बदलाव लाते रहते हैं, ताकि उन्हें नष्ट ना किया जा सके। दो तरह के वायरस म्यूटेशन के कारण ही यह बेहद खतरनाक माना जा रहा है। अब ट्रिपल म्यूटेंट की खबर ने चिंता और बढ़ा दी है। चार राज्यों से लिए गए 17 सैंपल में नजर आया है कि इसके जीनोम में तीसरी बार बदलाव हो रहा है यानि यह वायरस अब तीसरी बार जेनेटिक संरचना में बदलाव ला रहा है। ऐसे में अब लोगों को कोरोना गाइड लाइन की सख्ती से पालना करनी चाहिए, जिससे कि कोरोना के संक्रमण से बचा जा सके।