
बालाजी बगीची महिला योग समिति का आयोजन
युवतियां एवं महिलाएं कर रही हैं नियमित अभ्यास
मदनगंज-किशनगढ़। वर्तमान में कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण अधिक होने और लॉकडाउन के कारण सभी को घर पर ही रहना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में ऑनलाइन योग क्लास महिलाओं के लिए बहुत मददगार साबित हो रही हैं।
बालाजी बगीची महिला योग समिति द्वारा निशुल्क ऑनलाइन क्लास योग प्रशिक्षिका डिम्पल अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में सिर्फ महिलाओं के लिए प्रात: 6.30 से 7.15 बजे और शाम को 5 से 6 बजे तक नियमित ऑनलाइन योग क्लास संचालित हो रही है। बालाजी बगीची योग क्लास की अंजना मेहता ने बताया कि पिछले लॉकडाउन के बाद जब बालाजी बगीची में महिलाओं की निशुल्क योग क्लास बन्द हुई तभी से वहां की प्रशिक्षिका डिम्पल अग्रवाल ने निशुल्क ऑनलाइन योग क्लास आरम्भ की, जिसको आज 15 माह हो गए है।
योग के प्रति आई जागृति


गुडिया बंसल ने बताया कि ऑनलाइन योग क्लास आरम्भ करने और नियमित योग करने से महिलाएं शारीरिक और मानसिक रूप से अपने आपको बहुत स्वस्थ महसूस कर रही है। योग के प्रति महिलाओं में जागृति आई है। योग क्लास में महिलाएं योग के माध्यम से कोरोना का बचाव, फेफड़ों संबंिधत परेशानी को किस तरह भस्त्रिका प्राणायाम के माध्यम से दूर करने की जानकारी लेती है। साथ ही कपाल भांति, उज्जयी, त्रिबन्ध, अनुलोम विलोम प्राणायाम, भ्रामरी और ध्यान प्राणायाम नियमित करवाया जा रहा है। सूक्ष्म व्यायाम, हाथ-पैरों, गर्दन के व्यायाम, साथ ही आसनों के अभ्यास, जिसमे वृक्षासन, भुजन्गासन सहित 12 आसन नियमित रूप से करवाए जाते है। इसके साथ ही सूर्य नमस्कार करने से शरीर लचीला होता है। नियमित सुबह 21 बार और शाम को 11 बार करवाया जा रहा है।
अन्य शहरों से भी जुड़ी महिलाएं
मन्जू कुमावत ने बताया कि निशुल्क ऑनलाइन क्लास में लगभग 700 युवतियां और महिलाएं जुड़ी हुई है, जिसमें विदेशों में दुबई, अफ्रीका, गांधीधाम, बेंगलोर, दिल्ली, अजमेर, ब्यावर, जोधपुर, सूरत, अहमदाबाद आदि शहरों से भी महिलाएं जुड़ी हुई है। कोरोना काल में महिलाओं को बहुत फायदा हो रहा है। ऑनलाइन क्लास सिर्फ महिलाओं और बालिकाओं के लिए है। इस क्लास में कहीं से भी महिलाएं जुड़ सकती है।

84 वर्षीय महिला भी सक्रिय
84 वर्षीय महिला शशि अग्रवाल भी नियमित रूप से योग अभ्यास करती है। पिछले 3 साल से योग और योग के माध्यम से अपने आपको स्वस्थ रखती है। ऑनलाइन योग क्लास में चंद्रा अग्रवाल, कमला दरगड़, रेणू काबरा, अंजू गोयल, मन्जू बंसल, सुमन अग्रवाल भी ऑनलाइन क्लास चलाने में सहयोग कर रही है।