
भामस का 24वां त्रिवार्षिक अधिवेशन संपन्न
जयपुर। भारतीय मजदूर संघ राजस्थान प्रदेश का दो दिवसीय 24 वां त्रिवार्षिक अधिवेशन जयपुर में संपन्न हुआ।
इससे पहले अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में शनिवार को विरजेश उपाध्याय पूर्व अखिल भारतीय महामंत्री व अखिल भारतीय कार्यसमिति सदस्य, मुख्य अतिथि सतीश पूनिया प्रदेश अध्यक्ष भाजपा, मुख्य वक्ता निम्बाराम क्षेत्र प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विशिष्ट अतिथि एसकेपांडे अखिल भारतीय मंत्री भामस, राजबिहारी शर्मा क्षेत्रीय संगठन मंत्री भामस व स्वागताध्यक्ष के रूप में रामलाल शर्मा विधायक चौमूं की उपस्थिति रही।
सभी वक्ताओं ने भामस की रीति नीति व देश के नम्बर एक श्रम संगठन बनने के सफर पर प्रकाश डाला और भविष्य के लिये भामस को सर्वव्यापी बनाने के तौर तरीके बताए। कोरोना काल में भामस के सामाजिक कार्यो की सभी वक्ताओं ने प्रशंसा की।
निजीकरण पर लगे रोक
विरजेश उपाध्यय ने बताया कि भामस को मजदूर संघ से अब सामाजिक आंदोलन बनना है। हर मजदूर में राष्ट्रीयता की भावना का विकास करना हैं। प्रस्ताव सत्र में श्रमिकों की दशा दिशा पर चिंतन व मंथन हुआ और कुछ प्रस्ताव पारित कर सरकार को भिजवाने का निर्णय हुआ। इनमें विद्युत व रोडवेज के अंधाधुंध निजीकरण पर रोक, प्रवासी मजदूरों का पंजीयन व उनको समुचित राहत, स्कीम वर्कर को श्रमिक घोषित किया जाए व श्रम विभाग में खाली पदों को भर कर संगठन को श्रम समितियों में उचित प्रतिनिधित्व दिया जाना प्रमुख है।
रविवार को सुबह महिला सत्र हुआ, जिसका संचालन व आयोजन महिलाओं ने किया। जिसमें महिला सशक्तिकरण व भामस में महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी पर विचार विमर्श हुआ। इसमे मनिषा मेघवाल, सुखप्रीत बंसल, राधा शर्मा, मंजू दवे, रेखा शर्मा आदि ने भाग लिया।
नई कार्यसमिति का गठन
अधिवेशन के अंत मे आगामी तीन वर्ष के लिए नई कार्यसमिति का गठन किया गया। जिसमें राजेन्द्र सिंह डाबी अध्यक्ष, रेखा शर्मा, मधुसूदन जोशी, राधेश्याम, हजारी लाल मीणा, पुखराज विश्नोई, सत्यनारायण शर्मा को उपाध्यक्ष व हरीमोहन शर्मा महामंत्री, हनुमान राव संयुक्त महामंत्री, मक्खन लाल कांडा कोषाध्यक्ष, कुशलराम, जितेंद्र शर्मा, लखन सिंह गुर्जर, यतेंद्र कुमार, विजय सिंह बाघेला, राधा शर्मा की मंत्री नियुक्त किया गया।